Dream Interpretation/ Swapan Shastra : कुछ लोग ऐसा मानते हैं कि सपने सिर्फ हमारे अवचेतन मन की उपज होते हैं। लेकिन स्वप्न शास्त्र में यह कहा जाता है कि सपने हमारी जिंदगी से जुड़े होते हैं। हर एक सपने का एक विशेष मतलब होता है। सपने हमारे जीवन में आने वाली परिस्थितियों के बारे में इशारा देते हैं। स्वप्न शास्त्र में अच्छे-बुरे सभी तरह के सपनों के बारे में बताया गया है। साथ ही स्वप्न शास्त्र ऐसे सपनों के बारे में भी बताता है जिनसे धन लाभ होने के योग बन सकते हैं।
नदी में स्नान करना – अगर आपने खुद को नदी में स्नान करते देखा है तो यह शुभ सपना है। माना जाता है कि इस सपने से दरिद्रता का नाश होता है और घर धीरे-धीरे धन धान्य से भरना शुरू हो जाता है। आपने अगर किसी और व्यक्ति को नदी में स्नान करते देखा है तो इस सपने का प्रभाव उस व्यक्ति पर भी पड़ेगा।
सोते हुए देखना – कहते हैं कि सोते समय कोई व्यक्ति सबसे ज्यादा आराम महसूस करता है और अगर कोई व्यक्ति सपने में खुद को या किसी और को सोते हुए देखता है तो इससे अपार धन-संपत्ति मिलने के योग बनते हैं। जिन लोगों को इस तरह का सपना दिखे उन्हें अपने घर के बुजुर्गों को इसके बारे में जरूर बताना चाहिए।
दिव्य चरणों का स्पर्श – स्वप्न शास्त्र यह मानता है कि अगर आपने सपने में दिव्य चरण देखें हैं तो यह सपना अत्यंत शुभ है। साथ ही अगर आपने उन दिव्य चरणों को आदर के साथ स्पर्श भी किया है तो इससे नोटों से जेब भरने के योग बन सकते हैं। इस सपने को किसी से नहीं कहना चाहिए।
कचरे को घर के अंदर लाना – लोग सपने में कचरा देखना गंदा मानते हैं। लेकिन स्वप्न शास्त्र यह कहता है कि यह सबसे ज्यादा शुभ सपना है। मान्यता है कि इस सपने से व्यक्ति पर दैवीय कृपा बरसती है और अपार धन लाभ के योग बनते हैं। कहते हैं कि इस सपने के बारे में किसी को नहीं बताना चाहिए। अगर गलती से बता दें तो भगवान शिव की उपासना कर उनसे प्रार्थना करें कि आपको इस सपने के शुभ फलों की प्राप्ति हो।