Chhoti Diwali Remedy 2022: फ्यूचर समाचार के अनुसार इस साल छोटी दिवाली और धनतेरस 23 अक्टूबर को ही मनाया जाएगा। साथ ही 24 अक्टूबर को दिवाली मनाई जाएगी। आपको बता दें कि धनतेरस पर भगवान कुबेर और धन्वंतरि भगवान की पूजा की जाती है। साथ ही इस दिन सोना- चांदी और बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। वहीं ज्योतिष में छोटी दिवाली और धनतेरस के लिए कुछ विशेष उपाय बताए गए हैं। जिनको करने से सुख- समृद्धि में बढ़ोतरी होने की मान्यता है। आइए जानते हैं इन उपायों के बारे में…
मुख्य गेट पर बनाएं स्वास्तिक
छोटी दिवाली के दिन मुख्य द्वार पर स्वास्तिक बनाना शुभ माना जाता है। मान्यता है जिस घर के मुख्य द्वार पर स्वास्तिक होता है,वहां मां लक्ष्मी का वास होता है। साथ ही वास्तु दोष से भी मुक्ति मिलती है और घर में सुख- समृद्धि का वास रहता है।
घर की अच्छे से करें साफ- सफाई
छोटी दिवाली के दिन घर में से जंग लगे हुए सामान, टूटे- फूटे बर्तन और इस्तमाल में नहीं आने वाले सामान को घर से बाहर निकाल देना चाहिए। साथ ही घर की अच्छे से साफ- सफाई करनी चाहिए। ऐसा करने से मां लक्ष्मी का आशीर्वाद होता है। साथ ही घर धन आगमन के मार्ग खुलते हैं।
मां लक्ष्मी को चढ़ाएं पीली कौड़ियां
धनतेरस के दिन कुबेर देवता और मां लक्ष्मी का षोडशोपचार पूजन करें। साथ ही पूजा में पीली कौड़ियां और धनिया माता लक्ष्मी को अर्पित करें। ऐसा करने से मां लक्ष्मी की असीम कृपा आपको प्राप्त होगी। साथ ही धन- दौलत में बढ़ोतरी के योग बनेंगे।
कुबेर यंत्र को करें स्थापित
धनतेरस के दिन बाजार से कुबेर यंत्र लाएं और फिर यंत्र को पूजा में रखें। इसके बाद यंत्र का शुद्धिकरण करें और ऊं श्रीं ह्रीं क्लीं श्रीं क्लीं वित्तेश्वराय नमः’ का जाप करें। फिर इस यंत्र को धन रखने की जगह स्थापित कर दें। ऐसा करने से आपको करियर और व्यापार में तरक्की मिल सकती है। साथ ही धन के देवता कुबेर की कृपा प्राप्त होगी।
सूर्य देव को दें इस दिन अर्घ्य
धनतेरस के दिन तांबे के लोटे में रोली के साथ थोड़ा सा अक्षत मिलाकर सूर्यदेव को अर्घ्य देना चाहिए। ऐसा करने से आरोग्य की प्राप्ति होती है। साथ ही सूर्य दोष से मुक्ति मिल सकती है।