ऐसा कहा जाता है कि दुनिया की सारी चीजें दो चीजों से मिलकर बनी हैं। एक है- रंग और दूसरा है- तरंग। ग्रह-नक्षत्र और अन्य सभी उपाय इन्हीं रंगों और तरंगों पर आधारित होते हैं। पहनावे में रंग का प्रभाव सर्वाधिक माना गया है। कहा जाता है कि हम जिस रंग का कपड़ा पहनते हैं, उसका असर स्वयं पर और हमें देखने वाले पर भी पड़ता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार हम लोग जिस रंग के वस्त्र धारण करते हैं, उससे संबंधित ग्रह का प्रभाव हमारे ऊपर पड़ता है। यही वजह है कि हमें अलग-अलग अवसरों पर अलग-अलग रंग के कपड़े पहनने की सलाह दी जाती है। माना जाता है कि ऐसा करने से सफलता मिलने की संभावना काफी अधिक हो जाती है।

मालूम हो कि कमर के ऊपर के पहनावे को काफी महत्वपूर्ण माना गया है। कमर के नीचे वाले पहनावे पर संबंधित ग्रहों का असर कम पड़ने की मान्यता है। इसी वजह से कमर के ऊपर वाले हिस्से के कपड़े पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी जाती है। ज्योतिष शास्त्र में कहा गया है कि महिलाओं का विवाह बृहस्पति ग्रह की वजह से होता है। जबकि पुरुषों का विवाह शुक्र के कारण होता है। इसके चलते ही महिलाओं को विवाह के समय चमकदार और खूबसूरत रंग के कपड़े पहनने की सलाह दी जाती है। जबकि पुरुषों के लिए हल्के रंग के कपड़े शुभ माने गए हैं।

बता दें कि अलग-अलग क्षेत्र के इंटरव्यू के लिए अलग-अलग रंग के कपड़ों को प्रभावशाली माना गया है। बैंक या कॉरपोरेट सेक्टर के लिए हल्के हरे, ग्रे, क्रीम या हल्के पीले रंग की शर्ट को शुभ माना गया है। प्रशासनिक सेवा के लिए हल्के नीले या सफेद रंग की शर्ट को अच्छा माना जाता है। इंजीनियरिंग क्षेत्र के लिए नीले रंग के किसी भी शेड वाले कपड़े को लाभकारी माना गया है। वहीं, मीडिया या ग्लैमर क्षेत्र के लिए चमकदार सफेद रंग या हल्का गुलाबी रंग अच्छा माना गया है।