Chandra Grahan Remedy: ज्योतिष शास्त्र अनुसार जब भी चंद्र या सूर्य ग्रहण पड़ता है तो इसका प्रभाव मानव जीवन और देश- दुनिया पर देखने को मिलता है। आपको बता दें कि आज 8 नवंबर को चंद्र ग्रहण पड़ रहा है। जिसका सूतक काल आरंभ हो चुका है। यह ग्रहण मेष राशि और भरणी नक्षत्र में लग रहा है। साथ ही वहीं इस दिन चंद्रमा के साथ राहु ग्रह का भी संयोग बन रहा है। ज्योतिष शास्त्र में चंद्र ग्रह के दौरान कुछ उपाय बताए गए हैं। इन उपायों के करने से कुंडली में ग्रहों की स्थिति अनुकूल रह सकती है। साथ ही ग्रहण के अशुभ प्रभाव से बचा जा सकता है। आइए जानते हैं इन उपायों के बारे में…

इन मंत्रों का करें जाप

चंद्र ग्रहण के दौरान चंद्र ग्रह के बीज मंत्र ॐ श्रां श्रीं श्रौं सः चंद्राय नमः और महामृत्युंजय मंत्र का जप करें। ऐसा करने से आरोग्य की प्राप्ति हो सकती है। साथ ही ग्रहण के अशुभ प्रभाव से बचा जा सकता है।

धन में वृद्धि होने की है मान्यता

चंद्र ग्रहण के समय एक चांदी का टुकड़ा या सिक्का दूध और गंगाजल में मिलाकर ग्रहण की छाया में रख दें। इसके बाद अगले दिन स्नान करने के बाद उसे उठाकर लाएं और लाल कपड़े में बांधकर उस जगह पर रख दें, जहां आप धन रखते हैं। ऐसा करने से आपको मां लक्ष्मी कृपा प्राप्त हो सकती है। साथ ही जीवन में धन- समृद्धि बनी रह सकती है।

ग्रहण दोष का उपाय

वैदिक ज्योतिष मुताबिक अगर आपकी जन्मकुंडली में ग्रहण दोष है तो ग्रहण के समय चंद्र ग्रह से संबंधित वस्तुओं का दान करें। जैसे- दूध, चावल, दही और सफेद वस्त्र। ऐसा करने से चंद्र दोष से मुक्ति पाई जा सकती है।

गरीबों और जरूरतमंदों को करें दान

चंद्र ग्रहण खत्म होने के बाद स्नान करें और फिर गेहूं का दान करें। ये दान किसी गरीब या जरूरतमंद को दे दें। साथ ही कुछ दक्षिणा भी दे दें। ऐसा करने से ग्रहण के अशुभ प्रभाव से बचा जा सकता है।

गायत्री मंत्र का करें जाप

ज्योतिष अनुसार सूतक और ग्रहण के दौरान गायत्री मंत्र का जाप करें। ऐसा करने से आपको मानसिक शांति मिलेगी। साथ ही आरोग्य की प्राप्ति होगी।