दांत आना बच्चों के जीवन के पहले वर्ष की सबसे महत्वपूर्ण घटना होती है। सामान्यतः बच्चों में पहला दांत 6 माह की उम्र में दिखाई देता है। वैसे तो दांत आना बच्चों के विकास की ही एक प्रक्रिया होती है, लेकिन ज्योतिष में इसे बेहद महत्वपूर्ण माना गया है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, किस माह में दांत निकलना शुभ होता है? इसके बारे में दिल्ली के न्यूमेरोलॉजिस्ट सिद्धार्थ एस कुमार ने जनसत्ता डॉट कॉम से खास बातचीत में विस्तार से बताया है। आइए जानते हैं इसके बारे में…

बच्चों में जन्म से ही दांत होना

कुछ बच्चों में जन्म के समय से ही दांत होते हैं। ज्योतिष के अनुसार, बच्चों में जन्म से समय से ही दांत होना माता-पिता के लिए काफी कष्टकारी साबित हो सकता है। इससे माता और पिता दोनों के ही स्वास्थ्य पर काफी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

ऊपर या नीचे में से पहले कौन सा दांत निकलना माना जाता है शुभ ?  

आमतौर पर देखा जाय तो ज्यादातर बच्चों का नीचे वाला दांत पहले आता है। वहीं जिन बच्चों का ऊपर वाला दांत सबसे पहले निकलता है इसे शुभ नहीं माना जाता है। ज्योतिष अनुसार ये बच्चे के ननिहाल पक्ष के लिए अशुभ होता है।

किस महीने में दांत निकलना शुभ होता है?

  1. ज्योतिष के अनुसार, पहले महीने में दांत निकलना बच्चे के लिए अच्छा नहीं होता है। मान्यता है कि इससे खुद उस बच्चे को जीवन में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं दूसरे महीने में दांत निकलना बच्चे के भाइयों के लिए कष्टकारी होता है।
  2. जन्म के बाद तीसरे महीने में दांत निकलना बहन के लिए शुभ नहीं माना जाता है। वहीं चौथे माह में दांत निकलना बच्चे की माता के लिए शुभ नहीं होता है। इसके अलावा पांचवें महीने में दांत निकलना बड़े भाई के लिए अशुभ होता है।
  3. हालांकि छठे माह में दांत निकलना शुभ माना जाता है। ज्योतिष के अनुसार, इससे परिवार की आर्थिक स्थिति काफी अच्छी होने लगती है। साथ ही सातवें माह में दांत निकलना पिता के लिए काफी शुभ होता है।
  4. कहा जाता है कि आठवें महीने में दांत निकलना बच्चे के मामा के लिए कष्टदायक साबित हो सकता है। वहीं नौवें महीने में दांत निकलना अच्छा माना जाता है।  दसवें महीने में दांत निकलने से बच्चे को जीवन में सुख की प्राप्ति होती है।
  5. ग्यारहवें और बारहवें महीने में भी दांत आना शुभ माना जाता है। ज्योतिष के अनुसार, ग्यारहवें महीने में दांत निकलने से सुख की प्राप्ति होती है और बारहवें महीने में दांत निकलने से जीवन धन-धान्य से भरा रहता है।