हिन्दू पंचांग के अनुसार पौष महीने को सूर्य का तेज कम रहता है। इसलिए इस महीने को अशुभ माना गया है। हिन्दू पंचांग के अनुसार इस महीने किसी भी तरह के कोई शुभ कार्य नहीं करने का निर्देश है। माना जाता है कि पौष के महीने में शादी-विवाह, घर-गाड़ी खरीदना, गृह प्रवेश, घर बनवाना आदि अच्छा नहीं माना जाता है। लेकिन सूर्य देव की आराधना के साथ ही दान पुण्य का कार्य उत्तम माना जाता है। 20 दिसंबर 2021 को पौष माह की शुरुआत हो गयी थी, यह महीना 2022 के 17 जनवरी तक रहेगा।
मकर संक्रांति की वजह से खास: जनवरी में पड़ने वाला हिन्दुओं का यह त्यौहार मकर संक्रांति इसी माह में मनाया है। पौष के महीने में पड़ने वाला शुक्ल पक्ष अपने आप में काफी महत्व रखता है। दरअसल पौष के शुक्ल पक्ष यानी मकर संक्रांति वाले दिन से सूर्य धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करते हैं और फिर से पूरे तेजमय हो जाते हैं। इस दिन लोग सूर्य देव की आराधना करते हैं। पवित्र नदियों में स्नान करते हुए सूर्य देवता को अर्घ्य देते हैं। ऐसी मान्यता है कि शुक्ल पक्ष के दौरान यदि घर में कुछ शुभ चीजें लाई जाएं तो व्यक्ति की किस्मत चमक सकती है।
लक्ष्मी-गणेश की पूजा करें: मान्यता है कि पौष महीने के शुक्ल पक्ष में लक्ष्मी जी और भगवान गणेश की चांदी की मूर्ति घर में लाकर उनकी रोजाना पूजा करनी चाहिए। इसके अलावा मां लक्ष्मी का श्रीयंत लाकर उसकी विधि-विधान से पूजा कर उसे पूजा घर में स्थापित करने से आपके ऊपर इनकी कृपा बनी रहेगी।
सूर्य को अर्ध्य दें: माना जाता है कि इस महीने सूर्य को ताम्र पात्र से सूर्य देव को अर्घ्य देने से साल भर सफलता के द्वार खुल जाते हैं। हिन्दू शास्त्रों में मान्यता है कि सूर्य सफलता के कारक हैं और उनकी कृपा से ही व्यक्ति को सफलता, आत्मविश्वास और अच्छी सेहत मिलती है।
शंख की पूजा: पौष महीना का शुक्ल पक्ष घर में दक्षिणावर्ती शंख लाने के लिए उत्तम समय है। इस महीने घर में मोती शंख या दक्षिणावर्ती शंख को रखना बेहद शुभ माना गया है। इस माह इस शंख की विधि-विधान से स्थापना करके रोज पूजा करें।
लाल कपड़ा और तिल: शास्त्रों के मुताबिक पौष महीने में लोगों को लाल या पीले रंग का वस्त्र धारण करना चाहिए। इसके अलावा घर में तिल-गुड़ लाना भी बहुत शुभदायक होता है। इससे उनकी किस्मत चमक सकती है।
एकाक्षी नारियल: माना जाता है कि इन दिनों घर में किसी लाल कपड़े में लघु नारियल या एकाक्षी नारियल को बांधकर तिजोरी में रखने से धन लाभ मिलता है। इसके साथ ही यह उपाय खूब पैसा दिलाता है।