Aparajita Plant Vastu Tips: घर की सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखने के लिए कई लोग पौधे लगाते हैं। लेकिन कुछ पौधों को धार्मिक दृष्टिकोण से भी बेहद शुभ माना गया है। ऐसा ही एक पौधा अपराजिता का पौधा है। यह पौधा न सिर्फ सुंदर और आकर्षक होता है, बल्कि इसके धार्मिक और वास्तुशास्त्रीय महत्व भी अत्यधिक हैं। इसका फूल बेहद पवित्र माना गया है। इसे देवी दुर्गा का स्वरूप माना जाता है। शास्त्रों में इसका उल्लेख देवी लक्ष्मी, भगवान विष्णु और शनिदेव की पूजा में भी किया गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अपराजिता के फूल को पूजा में शामिल करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है और देवी-देवताओं की कृपा बनी रहती है। यही वजह है कि यह पौधा घर में लगाना अत्यंत शुभ माना जाता है। वास्तु शास्त्र में भी घर में इस प्लांट को लगाने के फायदों के बारे में बताया गया है। साथ ही इसको सही दिशा में लगाने का जिक्र भी किया गया है। ऐसा कहा जाता है कि गलत दिशा में लगाने से कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि अपराजिता का पौधा लगाने से कौन से लाभ मिलते हैं और इसे घर की किस दिशा में लगाना शुभ माना जाता है।
किस दिन लगाएं अपराजिता का पौधा?
वास्तु शास्त्र के अनुसार, अपराजिता का पौधा घर में गुरुवार या शुक्रवार के दिन लगाना सबसे शुभ होता है। गुरुवार का संबंध भगवान विष्णु से है और शुक्रवार माता लक्ष्मी को समर्पित होता है। चूंकि अपराजिता का फूल दोनों देवताओं को अत्यंत प्रिय है, इसलिए इन दिनों पर इसे लगाना शुभ फलदायी माना जाता है। इससे धन, शांति और समृद्धि का आगमन होता है।
इस दिशा में लगाएं अपराजिता का पौधा
अपराजिता का पौधा लगाने के लिए वास्तु में उत्तर-पूर्व दिशा यानी ईशान कोण को सबसे उत्तम माना गया है। यह दिशा आध्यात्मिक उन्नति और सकारात्मक ऊर्जा की प्रतीक होती है। इस दिशा में पौधा लगाने से घर से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और घर का वातावरण शांतिपूर्ण रहता है। इस बात का खास ध्यान रखें कि इसे कभी भी दक्षिण या पश्चिम दिशा में न लगाएं, वरना इसके विपरीत प्रभाव हो सकते हैं।
अपराजिता का पौधा लगाने से पहले इन बातों का रखें ख्याल
- अपराजिता के पौधे को हमेशा साफ-सुथरी जगह पर लगाएं। गंदगी वाली जगह पर लगाने से इसके शुभ प्रभाव कम हो सकते हैं।
- पौधे को नियमित रूप से पानी दें और इसकी देखभाल करें। सूखा हुआ अपराजिता का पौधा नकारात्मक ऊर्जा ला सकता है।
- अगर पौधा सूख जाए तो उसे तुरंत हटा देना चाहिए।
- इस पौधे को पूजा स्थल के पास या घर के मुख्य द्वार के आसपास लगाना अच्छा माना जाता है।
किन देवताओं की पूजा में करें इस्तेमाल?
अपराजिता के फूलों का इस्तेमाल विशेष रूप से भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी, शिवजी, शनिदेव और मां दुर्गा की पूजा में किया जाता है। इससे पूजा का प्रभाव बढ़ता है और ईश्वर की कृपा प्राप्त होती है। वहीं, सप्ताह के अनुसार इन फूलों का प्रयोग करने से घर में शांति और खुशहाली बनी रहती है।
अपराजिता के पौधे के चमत्कारी लाभ
- ऐसी मान्यता है कि इसे घर में लगाने से पैसों की तंगी दूर होती है और आय के नए साधन बनते हैं।
- देवी लक्ष्मी और भगवान विष्णु की कृपा से जीवन की बाधाएं दूर होती हैं।
- साथ ही, इस पौधे को लगाने से घर में सुख-शांति और प्रेम बना रहता है।
- इस पौधे से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और सकारात्मकता बनी रहती है।
- वास्तु के अनुसार, इसे घर में लगाने से परिवार के सदस्यों को तरक्की और सफलता प्राप्त होती है।
यह भी पढ़ें…
धर्म संबंधित अन्य खबरों के लिए क्लिक करें
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।