Adhik Maas 2023: हिंदू धर्म में अधिक मास का विशेष महत्व है। अधिक मास के कारण साल में 12 नहीं बल्कि 13 माह पड़ते हैं। हर तीन साल बाद अधिक मास आता है। इसे मलमास, पुरुषोत्तम मास, संक्रांति मास जैसे नामों से भी जानते हैं। अधिक मास के दौरान भगवान शिव के साथ विष्णु जी की पूजा करने का विधान है। माना जाता है कि अधिक मास के दौरान किए गए पूजा-पाठ का फल अधिक मिलता है। इसके साथ ही मोक्ष की प्राप्ति होती है।

अधिक मास के दौरान श्रावण मास भी पड़ रहा है। ऐसे में अधिक मास के दौरान विभिन्न तरह के उपायों को अपनाया जाता है। आप चाहे, तो इस उपाय को अपना सकते हैं। ज्योतिषों के अनुसार, अधिक मास हर तीन साल बाद आता है। इसलिए भगवान शिव की कृपा पाने और हर संकट से छुटकारा पाने के लिए इस तरह से दीपक जलाना शुभ होगा।

अधिक मास में इन जगहों पर जलाएं दीपक

शिव पुराण के अनुसार, अधिक मास के दौरान घी के इन दीपक को जलाने से व्यक्ति को हर संकट से छुटकारा मिल जाता है। इसके साथ ही भगवान शिव अपने भक्त के हर एक कष्ट को हर लेते हैं। आप घी की बाती के साथ आटा, मिट्टी आदि के दीपक में जला सकते हैं। आइए जानते हैं कि किन-किन जगहों पर जलाएं।

पहला दीपक शिव के द्वार

शिव पुराण के अनुसार, भगवान शिव की कृपा पाने के लिए अधिक मास की शिवरात्रि के दिन मिट्टी के दीपक में घी में डुबोई हुए बाती रख दें और इसे शिव मंदिर के प्रवेश द्वार में रख दें। माना जाता है कि ऐसा करने से बाबा अति प्रसन्न होते हैं और सुख-संपदा का आशीर्वाद देते हैं।

दूसरा दीपक बेलपत्र के वृक्ष के नीचे

दूसरा घी का दीपक बेलपत्र के वृक्ष के नीचे जलाना शुभ माना जाता है। बेलपत्र भगवान शिव को अति प्रिय है। ऐसे में बेलपत्र के नीचे दीपक जलाने से भगवान शिव अति प्रसन्न होते हैं। इसके साथ ही कुंडली के कई दोषों से भी निजात मिल सकती है।

तीसरा दीपक आंवले के वृक्ष के नीचे

हिंदू धर्म में आंवले के वृक्ष को काफी शुभ माना जाता है। शिव पुराण के अनुसार, अधिक मास शिवरात्रि के दिन आंवले के पेड़ के नीचे एक दीपक जला दें।

चौथा दीपक पानी के समीप

शिव पुराण के अनुसार, चौथा दीपक नदी के घाट या फिर तालाब, सरोवर में रख सकते हैं। आप चाहे, तो घर में ही जहां पर पानी का स्टोर हो। वहां पर रख सकते हैं। ऐसा करने से भगवान शिव अति प्रसन्न होंगे।

पांचवा दीपक घर की चौखट में

पांचवा दीपक घर के प्रवेश द्वार की चौखट के दाएं ओर रखना चाहिए। इस जगह पर दीपक रखने से नकारात्मक ऊर्जा समाप्त हो जाती है। इसके साथ ही घर में मां लक्ष्मी का वास होता है।