अक्सर लोग बिना सोचे समझे प्लॉट खरीद लेते हैं और उस पर अपना घर बना लेते हैं, जिसके कारण जीवन में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जानकार मानते हैं, इसकी वजह वास्तु दोष हो सकता है। इसलिए कोई भी प्लॉट खरीदने से पहले वास्तु शास्त्र का ध्यान रखना बेहद ही जरूरी है। अगर प्लॉट खरीदते वक्त ही वास्तु के नियमों का पालन किया जाए तो घर का वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर रहता है।
इसलिए अगर घर बनाने के लिए प्लॉट खरीदना चाहते हैं तो वास्तु शास्त्र का विशेष रूप से ध्यान रखें। ऐसा करने से आपके घर में हमेशा खुशहाली बनी रहेगी।
दिशा का रखें ध्यान: वास्तु शास्त्र में 10 दिशाएं मानी गई हैं। प्लॉट का फ्रंट यानी मुख्यद्वार अगर उत्तर से पूर्व तक की दिशा में हो तो यह बेहद ही शुभ माना जाता है। इसके अलावा अगर प्लॉट की उत्तर-पूर्व दिशा यानी ईशान कोण में अधिक हो तो ऐसी भूमि शुभ मानी जाती है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम की दिशा को भी प्लॉट खरीदने के लिए बेहतर बताया गया है।
प्लॉट के सामने ना हो कोई बड़ा निर्माण: वास्तु शास्त्र के मुताबिक प्लॉट के आगे कोई बड़ा निर्माण नहीं होना चाहिए। क्योंकि बड़े घर या फिर बिल्डिंग की छाया भूमि पर पड़ना शुभ नहीं माना जाता। इसके अलावा कोई बड़ा पेड़ भी घर के मुख्द्वार के सामने नहीं होना चाहिए। आप चाहें तो दक्षिण दिशा में पौधारोपण कर सकते हैं।
प्लॉट खरीदने से पहले करें ये उपाय: आप प्लॉट खरीदने से पहले उसमें एक गड्ढा खोद लें और फिर उसे पानी से भर दें। अगले दिन जाकर गड्ढे को देखें, अगर उसमें पानी पूरी तरह से सूख गया है तो ऐसे प्लॉट को लेने से बचें। वहीं अगर गड्ढे में पानी बचा है तो उसे तुरंत खरीद लें। क्योंकि ऐसी भूमि अच्छी मानी जाती है।
ना कटे हों प्लॉट के कोने: वास्तु शास्त्र के मुताबिक आप जो भी भूमि खरीद रहे हैं, ध्यान दें की उसके कोने कटे ना हों। साथ ही प्लॉट के आसपास कोई दलदली भूमि भी ना हो।