Astro Remedy: पति-पत्नी में मनमुटाव होना आम बात है, लेकिन जब बात रोज- रोज की लड़ाई और क्लेश तक पहुंच जाए तो इस स्थिति को रोकना जरूरी है। वरना ये झगड़े पति-पत्नी के रिश्ते में दरार डाल देते हैं। दरअसल जब जन्मकुंडली में सप्तम भाव पीड़ित होता है या उसके स्वामी की स्थिति नकारात्मक होती है, तो जीवनसाथी के साथ लड़ाई की स्थिति बनती है। ज्योतिष में कुछ ऐसे उपाय बताए गए हैं, जो पति- पत्नी के झगड़ों को दूर करके उनमें प्यार बढ़ाते हैं। साथ ही इन उपायों को करने से पति- पत्नी के बीच का क्लेश खत्म होता है और दांपत्य जीवन में प्रेम बढ़ता है। आइए जानते हैं इन उपायों के बारे में…
मां पार्वती और भगवान शिव की करें पूजा:
पति-पत्नी के बीच रोज होने वाले झगड़ों से निजात पाने के लिए भगवान शिव और माता पार्वती की मूर्ति या तस्वीर के सामने नियमित रूप से घी का दीपक जलाकर पूजन करें। साथ ही नियमित रूप से शिव चालीसा का पाठ करें। पूजन पूर्ण होने पर शिव जी और माता पार्वती से सुखी दांपत्य जीवन की कामना करें। मान्यता है कि यदि यह उपाय पूर्ण श्रद्धा और विश्वास के साथ किया जाए तो हर मनोकामना पूरी होती है और क्लेश से मुक्ति मिलती है।
गुरु बृहस्पति से सबंधित करें उपाय:
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, अगर पति- पत्नी की कुंडली में गुरु बृहस्पति ग्रह ठीक न हो तो विवाह और वैवाहिक जीवन में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। पति-पत्नी के बीच प्रेम बढ़ाने के लिए हल्दी की 7 साबूत गांठें लेकर उन्हें पीले या फिर हल्दी रंगे धागे में बांध लें। अब इनको हाथ में लेकर ‘ऊं नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का जाप करें। इस माला को मंदिर में जाकर विष्णु जी को अर्पित करें। मान्यता है कि इससे दांपत्य जीवन में खुशहाली व प्रेम बढ़ता है। साथ ही मानसिक शांति मिलती है।
लाल किताब का ये उपाय भी है असरदार:
यदि पति या पत्नी हर बात पर झगड़ा करने पर उतारु हो जाए तो वे एक-दूसरे के लिए यह उपाय करके घर में खुशहाली ला सकते हैं। इसके लिए पत्नी रात को सोते समय पति के सिरहाने सिंदूर रख दे और अगले दिन पति उस सिंदूर को कहीं भी गिरा दे। वहीं पत्नी अपने सिरहाने कपूर रखकर सो जाए और अगले दिन उसे जला दे। मान्यता है इससे कुछ ही दिन में असर दिख जाएगा।
ये भी उपाय करें:
प्रति गुरुवार केले के पेड़ की जड़ पर पति-पत्नी साथ में जल चढ़ाएं। हल्दी या केसर का तिलक करें। पीले वस्त्र अर्पित करें। इससे पति-पत्नी में प्रेम बना रहेगा। यदि किसी विवाह योग्य लड़का- लड़की के विवाह में परेशानी आ रही है तो भी ये उपाय करने से आपकी समस्या दूर हो सकती है।
यह भी पढ़ें: मेष राशिफल 2022, वृषभ राशिफल 2022, मिथुन राशिफल 2022, कर्क राशिफल 2022, सिंह राशिफल 2022, कन्या राशिफल 2022, तुला राशिफल 2022, वृश्चिक राशिफल 2022, धनु राशिफल 2022, मकर राशिफल 2022, कुंभ राशिफल 2022, मीन राशिफल 2022