आचार्य चाणक्य ने मनुष्य के जीवन से जुड़ी बहुत सी ऐसी बातें बताई हैं जिसे अपनाकर व्यक्ति अपने जीवन को खुशहाल बना सकता है। इनके द्वारा बताई गई नीतियों से जीवन की किसी भी समस्या का हल मिल सकता है। चाणाक्य ने सुखी जीवन के लिए 3 चीजों का होना अनिवार्य बताया है। इनके अनुसार जिस भी मनुष्य के पास यह तीन चीजें होती है उसके लिए यह धरती ही स्वर्ग बन जाती है…

पुत्र का आज्ञाकारी होना – आचार्य चाणक्य के अनुसार अगर किसी व्यक्ति की संतान आज्ञाकारी और संस्कारी होती है तो ऐसे व्यक्तियों का जीवन काफी आनंदमय गुजरता है। ऐसे लोगों को मरने के बाद स्वर्ग की इच्छा करने की जरूरत नहीं पड़ती है क्योंकि उनके लिए तो यह धरती ही स्वर्ग बन जाती है। संस्कारी संतानें अपने माता-पिता का हमेशा ख्याल रखती है और बुढ़ापे में उन्हें किसी तरह की समस्या नहीं होने देती हैं।

अच्छी पत्नी का होना – आचार्य चाणक्य के अनुसार जिस व्यक्ति की पत्नी अच्छी और गुणवान होती है ऐसे व्यक्ति जीवन में सफलता हासिल करते हैं। अगर इच्छा के अनुसार पत्नी प्राप्त होती है तो ऐसे लोगों के लिए धरती पर ही स्वर्ग बन जाता है। क्योंकि कहा जाता है कि किसी व्यक्ति की सफलता के पीछे औरत का बहुत बड़ा हाथ होता है। इसलिए जिन लोगों को अच्छी पत्नी मिल जाती है ऐसे लोगों का जीवन सफल हो जाता है।

संतोषी व्यक्ति – अकसर इंसान सब कुछ पा लेने के बाद भी संतुष्ट नहीं हो पाता है। इसलिए वह अकसर दुखी रहता है। जो व्यक्ति अपने द्वारा कमाए हुए धन से संतुष्ट हो जाता है तो उसे जीवन में अत्यंत सुख की प्राप्ति होती है। अपनी कमाई पर संतोष करने वाला व्यक्ति इस पृथ्वी पर स्वर्ग के समान सुख भोगता है। लेकिन जो व्यक्ति अपनी किसी भी चीज से संतुष्ट नहीं होता है उसके लिए जीवन भर दुख ही दुख रहते हैं।