उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने लगभग अपने ढाई का कार्यकाल पूरा करने के बाद बुधवार को राजभवन में 23 मंत्रियों को शपथ दिलाई इनमें शामिल नये और पुराने मंत्रियों के विभागों का बंटवारा गुरुवार (22 अगस्त) रात कर दिया गया। इसके तहत राज्य का वित्त मंत्री सुरेश खन्ना को बनाया गया है।
जय प्रकाश को हेल्थ की जिम्मेदारी: सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक सुरेश खन्ना राज्य के वित्त मंत्री बनाये गये हैं जबकि सिद्धार्थनाथ सिंह से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग लेकर जय प्रताप सिंह को सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि सुरेश खन्ना के पास संसदीय कार्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग भी रहेगा। इससे पहले वित्त मंत्रालय राजेश अग्रवाल के पास था जिन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
लालजी टंडन के बेटे बने नगर विकास मंत्री: सिद्धार्थनाथ सिंह अब खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री होंगे। आशुतोष टंडन को नगर विकास मंत्री बनाया गया है। आशुतोष टंडन मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के बेटे हैं और उत्तर प्रदेश सरकार में लालजी टंडन भी नगर विकास मंत्री रह चुके हैं। महेंद्र सिंह जल शक्ति विभाग के मंत्री होंगे। जल शक्ति मंत्रालय में सिचाई विभाग और नमामि गंगे शामिल रहेंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री बने नीलकंड तिवारी: मंत्रिमंडल में शामिल नए मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री को आबकारी विभाग सौंपा गया है जबकि कमला रानी वरुण को प्राविधिक शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। खेल मंत्रालय उपेंद्र तिवारी को दिया गया है जबकि महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग स्वाति सिंह के जिम्मे रहेगा। नीलकंठ तिवारी उत्तर प्रदेश के नए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री होंगे जबकि सतीश द्विवेदी को बेसिक शिक्षा विभाग सौंपा गया है। हालांकि, दोनों उप मुख्यमंत्री के अलावा सूर्य प्रताप शाही, स्वामी प्रसाद मौर्य, सतीश महाना, रमापति शास्त्री और मुकुट बिहारी वर्मा के विभाग में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
[bc_video video_id=”6032492032001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]
सीएम योगी ने रखे अपने पास 37 मंत्रालय: मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के पास गृह , आवास एवं शहरी नियोजन, राजस्व, खाद्य एवं रसद, नागरिक आपूर्ति, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, अर्थ एवं संख्या, भूतत्व एवं खनिजकर्म, बाढ़ नियंत्रण, कर निबंधन, कारागार, सामान्य प्रशासन, सचिवालय प्रशासन समेत कुल 37 मंत्रालय रखे है।
