मुंबई की लोकल ट्रेन में दो महिला गुटों के बीच गुत्थम-गुत्था का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। ट्रेन में सीट को लेकर महिलाओं के बीच विवाद शुरू हुआ और फिर वह इतना बढ़ गया कि ट्रेन का डिब्बा अखाड़े में बदल गया। इस दौरान खूब मुक्केबाजी हुई और महिलाएं एक-दूसरे के बाल खींचती नजर आईं। इतना ही नहीं ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी भी इस झगड़े में घायल हो गईं।

वायरल हो रहा यह वीडियो ठाणे-पनवेल लोकल ट्रेन के एक डिब्बे का है। वाशी गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) के पुलिस इंस्पेक्टर संभाजी कटारे के मुताबिक, तुर्भे स्टेशन के पास एक सीट को लेकर तीन महिला यात्रियों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद मारपीट शुरू हुई और अन्य महिलाएं भी इस झगड़ में कूद पड़ीं तो विवाद और ज्यादा बढ़ गया। हालांकि, वीडियो में कुछ महिलाएं सुरक्षित रूप से अपनी सीट की तरफ दौड़ती भी नजर आ रही हैं।

झगड़ा बढ़ता देख नेरुल में एक महिला पुलिसकर्मी हस्तक्षेप के लिए गई तो, उसको भी महिलाओं ने घायल कर दिया। महिलाओं के इस झगड़े में एक पुलिसकर्मी समेत तीन महिलाएं घायल हो गईं। वीडियो में देखा गया कि दो महिलाओं के सिर में चोट लगी है, जिस कारण उनके सिर से खून निकलने लगा।

कटारे ने कहा कि वाशी जीआरपी घटना की जांच कर रही है और मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, तुर्भे स्टेशन पर एक सीट खाली होने पर एक महिला यात्री ने दूसरी महिला को सीट देने की कोशिश की। तभी वहां मौजूद एक तीसरी महिला ने भी सीट पर कब्जा करने की कोशिश की। इसी बात पर तीनों महिलाओं के बीच कहासुनी शुरू हुई और फिर मारपीट होने लगी। इसक बाद डिब्बे की अन्य महिलाएं भी विवाद में शामिल हो गईं।

बता दें कि पिछले हफ्ते भी मुंबई लोकल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें महिलाएं ट्रेन में गरबा खेलती नजर आई थीं। नवरात्रि के दौरान यह वीडियो सामने आया था। ट्रेन के एक डिब्बे में दर्जनों संख्या में महिलाएं गरबा खेल रही थीं।