उत्तर प्रदेश के नोएडा में गला रेतकर एक महिला की हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बार-बार घर में ताक-झांक करने से मना करने पर पड़ोसी ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि पीडि़ता की पहचान 48 वर्षीय गंगा रानी के रूप में की गई है। वह घरेलू नौकरानी के रूप में काम करती थी और अपनी बेटी रागिनी के साथ घर में रहती थी। वहीं, गंगा रानी का बेटा जितेंद्र और उसकी पत्नी उसी कॉलोनी में कुछ दूरी पर दूसरे घर में रहते थे। आरोपी की पहचान इंद्रा राज के रूप में की गई है। वह महिला का पड़ोसी था। आरोपी और मृतका एक ही जिले के रहने वाले थे। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
मृतक महिला के एक पड़ोसी दीपक बंसल ने बताया, “इंद्रा महिला के घर में अक्सर जाता रहता था। खिड़की के सहारे ताक-झांक भी करता रहता था। आरोपी बेवजह घर की घंटी भी बजा देता था, इसे महिला पसंद नहीं करती थी। शनिवार (9 अक्टूबर) की रात करीब 11:30 बजे इंद्रा महिला के घर में ताक-झांक कर रहा था।” पड़ोसी ने आगे बताया कि उन्हें इस घटना के बारे में तब पता चला जब उनलोगों ने रागिनी के चिल्लाने की आवाज सुनी। उन्होंने कहा, “रागिनी ने हमें बताया कि इंद्रा आरोपी खिड़की के सहारे उसके घर में ताक-झांक कर रहा था। इसके बाद वह इस बात का विरोध करने उसके घर गई। जहां उसने उसे बंद कर गला रेत दिया। कुछ देर बाद रागिनी अपने मां को देखने के लिए घर से बाहर निकली और देखा कि इंदिरा खून से सना हुआ है। इसके बाद रागिनी वहां से भाग गई।”
इस पूरे मामले पर नोएडा सेक्टर 39 के एसएचओ अमित सिंह ने कहा कि आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा, “आरोपी फरार है। हम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत हैं।” पुलिस ने बताया कि आरोपी गूंगा और बहरा है। वहीं, मृतका और आरोपी दोनों महोबा जिले के हैं।