उत्तर प्रदेश में बहराइच के जिला अस्पताल के डॉक्टर्स पर लापरवाही के आरोप लगे हैं। दरअसल डॉक्टर्स पर आरोप लगा है कि प्रसव के लिए अस्पताल पहुंची महिला को वक्त से इलाज नहीं मिला। जिसके चलते महिला ने फर्श पर ही बच्चे को जन्म दिया। वहीं नवजात की भी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि इस मामले में डॉक्टर्स ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। वहीं इस पूरे मामले पर जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
क्या है पूरा मामला: पीड़ित पक्ष के परिजनों ने बहराइच के जिला अस्पताल के डॉक्टर्स पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि रिसिया इलाके की महिला सरिता त्रिपाठी को अस्पताल लाया गया, लेकिन इलाज सही वक्त पर न मिलने के चलते उसके बच्चे की मौत हो गई। वहीं प्रसव से कराहती महिला ने फर्श पर ही बच्चे को जन्म दे दिया।
National Hindi News, 08 May 2019 LIVE Updates: दिनभर की हर खबर सिर्फ एक क्लिक पर
किसी ने नहीं ली सुध: पीड़ित पक्ष के परिजनों का आरोप है कि महिला के बच्चे को जन्म देने तक किसी भी कर्मचारी या अधिकारी ने उसकी सुध नहीं ली। वहीं बच्चे के जन्म के बाद आनन फानन में अस्पताल स्टाफ ने महिला को प्रसव कक्ष में शिफ्ट किया। वहीं इस बात से खफा महिला के पति दिनेश त्रिपाठी ने हंगामा शुरू कर दिया और जमकर अस्पताल प्रशासन को कोसा।
डॉक्टर्स का क्या है कहना: इस पूरे मामले पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉक्टर मधु गैरोला ने कहा कि डॉक्टर्स पर जबरन आरोप लगाया जा रहा है। जबकि गर्भवती महिला को अस्पताल ही काफी देर से लाया गया था। वहीं जब उसे प्रसव कक्ष की ओर शिफ्ट किया जा रहा था, तभी महिला का प्रसव को हो गया। वहीं बच्चे की भी गर्भ में ही मौत हो गई थी।