उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला और उसके दिव्यांग साथी के साथ बुरी तरह मारपीट की गई, सिर मुंडवा दिया और गले में जूते की माला डालकर गली-गली परेड करवाई। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि बुधवार (26 अगस्त, 2020) की इस घटना में कथित तौर महिला का रिश्तेदार शामिल हैं।
घटना मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि करीब दो साल पहले 37 वर्षीय महिला के पति की मौत हो चुकी है। महिला का चालीस वर्षीय एक दिव्यांग मित्र है जो आजीविका के लिए उसकी मदद करता था। पुलिस ने बताया कि महिला के रिश्तेदारों को दिव्यांग के साथ उसकी दोस्ती पसंद नहीं थी। सोशल मीडिया में महिला और उसके दोस्त का वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें उनका सिर मूंडा दिया गया। वीडियो के अनुसार एक पतली गली में उनकी परेड कराई जा रही है और बड़ी संख्या में पुरुष और लड़के दोनों के पीछे चल रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि घटनाक्रम में महिला के दो रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों और कुछ अन्य लोगों ने कथित तौर विधवा और उनके दोस्त के सिर का मुंडन किया। उनके चेहरे पर कालिख पोत दी और जूते से बनी माला पहनाकर गांव में परेड कराई। बताया जाता है कि ग्रामीणों ने गांव में दोनों को एक साथ घूमते हुए देखा था।
पुलिस ने बताया कि मामले में अभी तक कुल आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सभी के खिलाफ महिला और उसके दोस्त के साथ मारपीट, चोट पहुंचाने और अतिचार से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।

