उत्तर प्रदेश सरकार से बर्खास्तगी के बाद शिवपाल सिंह यादव ने पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पार्टी के ही एक बड़े नेता की चाल का शिकार हो गए हैं, जिसे वो समझ नहीं सके और ऐसा कदम उठा लिया। उनका इशारा रामगोपाल यादव की ओर था। शिवपाल ने रामगोपाल यादव का नाम लिए बिना कहा, पार्टी के कुछ बड़े नेता सीबीआई से बचने के लिए बीजेपी से मिल गए हैं। उन्होंने कहा कि यह वक्त चुनाव का है, इसलिए एकजुट होकर सभी लोग पार्टी हित में काम करें। शिवपाल ने यह भी कहा कि मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में वो विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज ही अपने मंत्रिपरिषद से चाचा शिवपाल सिंह यादव समेत चार मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया है। मुख्यमंत्री ने बर्खास्तगी की चिट्ठी राज्यपाल राम नाईक को भेज दी है।
इससे पहले अखिलेश यादव ने अपने सरकारी आवास पर विधायकों की बैठक बुलाई थी। बैठक में शिवपाल सर्मथकों को नहीं बुलाया गया था। इस बैठक में किसी को भी फोन ले जाने की अनुमति नहीं दी गई थी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अखिलेश ने बैठक में कहा कि जो भी अमर सिंह के साथ है उन्हें हटाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अमर सिंह को बैठक में ही दलाल कहा और कहा कि जिस व्यक्ति ने पार्टी में झगड़े पैदा किए उन्हें माफी नहीं दी जाएगी और बड़ा फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री ने शिवपाल समेत 4 मंत्रियों को कैबिनेट से हटा दिया। सूत्रों ने बताया कि बैठक में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी नेता जी यानी मुलायम सिंह यादव की है और वही उनके उत्तराधिकारी हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी तोड़ने का उनका कोई इरादा नहीं है।
वीडियो देखिए: अखिलेश के खिलाफ साजिश कौन रच रहा है?
बर्खास्त किए गए मंत्रियों में नारद राय, ओम प्रकाश सिंह और शादाब फातिमा भी शामिल हैं। अमर सिंह की करीबी जयाप्रदा की भी यूपी फिल्म विकास परिषद की उपाध्यक्ष पद से छुट्टी कर दी गई है। उन्हें मंत्री का दर्जा मिला हुआ था। इधर, मुलायम सिंह ने कल (सोमवार को) पार्टी विधायकों की एक बैठक बुलाई है। खबर है कि अखिलेश यादव कल की इस बैठक में शामिल होंगे। इधर, माना जा रहा है कि इस खेमे से भी कोई कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। इस सिलसिले में पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव का नाम सामने आ रहा है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक रामगोपाल यादव पर पार्टी कार्रवाई कर सकती है।
CBI se bachne ke liye kuch bade neta BJP se mil gaye hain: Shivpal Yadav
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) October 23, 2016
Seedha aarop laga diya gaya hai, chunav ka waqt hai, janta ke saath chalenge: Shivpal Yadav pic.twitter.com/KfnFlH0qq8
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) October 23, 2016