Mumbai Crime:पूर्व शिवसेना यूबीटी पार्षद अभिषेक घोसालकर की बीते दिन फेसबुक लाइव चैट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह उस समय चैट कर रहा था। हमलावर ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। उसको तीन गोलियां लगी थीं। अभिषेक को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुंबई के दहिसर में इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान मौरिस नोरोन्हा के रूप में हुई है। उसने अभिषेक को गोली मारने के बाद आत्महत्या कर ली थी। पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच में सामने आया कि आपसी रंजिश के चलते गोलीबारी की गई। पुलिस के आला-अफसर मामले की जांच करने में लगे हुए हैं।

मौरिस नोरोन्हा कौन था?

मौरिस नोरोन्हा और अभिषेक घोसालकर दोनों ही वार्ड नंबर 1 से चुनाव लड़ना चाहते थे। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद चलर रहा था। मौरिस पर धोखाधड़ी, हत्या के प्रयास, धमकी और 2014 से पहले रेप कई आरोप थे। हालांकि, नोरोन्हा के खिलाफ शिकायत 2022 में दर्ज की गई थी, जिसके कारण उसे गिरफ्तार किया गया था।

दिलचस्प बात यह है कि सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हो रही है, जिसमें नोरोन्हा को उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस की पत्नी अमृता फड़णवीस से पुरस्कार लेते हुए दिखाया गया है। इसके बाद सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

संजय राउत ने ट्वीट कर सरकार को घेरा

शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में आरोप लगाते हुए कहा कि मौरिस नोरोन्हा जिसने अभिषेक घोसालकर को गोली मारी थी। वह वर्षा बंगले पर था। मुख्यमंत्री ने उससे मुलाकात की थी। मौरिस को शिंदे गुट में शामिल होने का न्योता दिया गया था। उन्होंने आगे कहा कि गृह मंत्री के रूप में देवेंद्र फडणवीस पूरी तरह से विफल हैं। उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।