कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आएंगे। वर्तमान 224 सीटों वाली कर्नाटक विधानसभा का कार्यकाल 24 मई को समाप्त हो रहा है। राज्य में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और जेडीएस के बीच कड़ा मुकाबला है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीएस (सेक्युलर) के दिग्गज नेता एचडी कुमारस्वामी ने चन्नापटना से नामांकन भरा है।
राजनीतिक माहौल में पले-बढ़े कुमारस्वामी ने 1996 में राजनीति में प्रवेश किया था। उसी साल उन्होंने कनकपुरा से लोकसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। हालांकि, इसके बाद उन्होंने जब संसद और फिर विधानसभा के लिए चुनाव लड़ा तो हार गए। 2004 में उन्होंने विधानसभा चुनाव जीता था और कांग्रेस की धर्म सिंह के नेतृत्व वाली सरकार का समर्थन किया। इसके बाद 2006 की शुरुआत में अपनी पार्टी के लिए खतरे का हवाला देते हुए, जद (एस) के लगभग 42 विधायकों ने बगावत कर दी और गौड़ा के विरोध के बावजूद सिंह सरकार से समर्थन वापस ले लिया।
इसके बाद उन्होंने भाजपा के समर्थन से सरकार बनाई और मुख्यमंत्री बने। 20 महीने के समझौते में दोनों पार्टियां साथ आईं। 4 फरवरी, 2006 को वे मुख्यमंत्री बने और 8 अक्टूबर, 2007 तक कार्यकाल में रहे। उन्होंने अगले 20 महीनों तक भाजपा को सत्ता हस्तांतिर करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उन्हें पद से इस्तीफा देना पड़ा।
इसके बाद, 2009 में वह लोकसभा (दूसरी अवधि) में फिर सि निर्वाचित हुए। वहीं, 2013 में उन्हें कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष का नेता बनाया गया। 2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ उन्होंने सरकार बनाई और एक बार फिर मुख्यमंत्री बने। 24 जुलाई, 2019 को विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के दौरान एचडी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाले कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन को 99 वोट मिले, जबकि विपक्ष में बैठी भाजपा को 105 वोट हासिल हुए। इसके चलते कुमारस्वामी की सरकार गिर गई। कुमारस्वामी जंथाकल खनन घोटाला, विश्वभारती मामलों समेत अन्य विवादों को लेकर भी चर्चाओं में रहे।
एचडी कुमारस्वामी की शादी अनिता कुमारस्वामी से हुई है और उन दोनों का एक बेटा निखिल गौड़ा है। साल 2006 में कुमारस्वामी ने एक्ट्रेस राधिका से भी गुपचुप शादी कर ली थी। राधिका ने 2010 में दोनों की शादी के बारे में सार्वजनिक तौर पर बताया था। कुमारस्वामी और राधिका की एक बेटी है।
राजनीति में आने से पहले एचडी कुमारस्वामी ने काफी लंबा समय सिनेमा की दुनिया में बिताया है। उनकी राजनीति में कुछ खास दिलचस्पी नहीं थी। फिल्मों में उनकी काफी रुचि थी। वह एक फिल्म निर्माता थे और उन्होंने कई हिट फिल्में बनाईं। उनका जन्म हासन जिले के होलेनरसीपुरा तालुक के हरदनहल्ली में हुआ था और अपनी शुरुआत की पढ़ाई उन्होंने यहीं की। हायर स्टडीज के लिए वह बेंगलुरु चले गए। कुमारस्वामी ने बीएससी किया है।