Maharashtra Municipal Corporation Election: महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बार अर्बन और सेमी-अर्बन दोनों ही क्षेत्रों को महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव के दायरे में शामिल किया जाएगा। दो दिसंबर को राज्य की 246 म्युनिसिपल काउंसिल (नगर निगम) और 42 म्युनिसिपल पंचायतों (नगर पंचायत) के लिए चुनाव होने हैं।
नामांकन प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू हुई थी और 17 नवंबर तक जारी रही। 26 नवंबर को प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। पूरे महाराष्ट्र में 2 दिसंबर को मतदान होगा और 3 दिसंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
कितने वोटर करेंगे मतदान?
चुनाव आयोग के मुताबिक, महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव के लिए कुल 1,07,03,576 पंजीकृत वोटर हैं।
इनमें-
53.79 लाख पुरुष वोटर
53.22 लाख महिला वोटर
775 ट्रांसजेंडर वोटर
महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में डुप्लीकेट वोटरों की समस्या न पैदा हो, इसके लिए चुनाव आयोग गंभीरता से काम कर रहा है। इस संबंध में राज्य के मुख्य निर्वाचन आयुक्त दिनेश वाघमारे ने बताया कि डुप्लीकेट नामों को पहचानने को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
डुप्लीकेट वोटरों की समस्या
उन्होंने बताया कि एक ऐसा टूल तैयार किया गया है, जिसमें किसी भी वोटर लिस्ट में यदि डुप्लीकेट नाम पाया जाता है तो उसे डबल स्टार के साथ दिखाया जाएगा। जहां भी डबल स्टार दिखेगा, वहां अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जाकर पता करेंगे कि वह व्यक्ति किस स्थान से मतदान करने वाला है।
इसके अलावा यह भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई डुप्लीकेट वोटर अधिकारी को संतोषजनक जवाब नहीं देता, तो उसका नाम सभी वोटर लिस्टों से हटा दिया जाएगा। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हर व्यक्ति केवल एक ही स्थान पर अपने मताधिकार का प्रयोग करे, जिसके लिए एफिडेविट भी लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- बिहार में कांग्रेस को बहुत बड़ा झटका
