पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में मुहर्रम के जुलूस दौरान छत गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई और एक महिला तथा तीन बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा सोमवार रात नूरपुर दक्षिण मंडल पारा गांव में हुआ। यह परिवार जुलूस देखने के लिए छत पर था।
दरअसल, मानिकचक थाने के एक अधिकारी ने कहा कि बच्चे एक निर्माणाधीन इमारत से मुहर्रम का जुलूस देख रहे थे। छत पर काम चल रहा था। अचानक, छत का एक हिस्सा गिर गया जिससे पांच लोग घायल हो गए। एक बच्चे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। अन्य चार लोगो की हालत अभी गंभीर बनी हुयी है। उन्होंने बताया कि शमका गांव का रहने वाला 12 वर्षीय रमजान शेख मुहर्रम के मौके पर अपने एक रिश्तेदार के यहां आया था। उसकी इस हादसे में जान चली गई।
अधिकारी ने बताया कि दो वर्षीय तनवीर शेख, छह वर्षीय अन्नू खातून, सात वर्षीय शहजात हुसैन और 25 वर्षीय सुखतारा बीबी का मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ताजिया में करंट उतरने से एक व्यक्ति की मौत: संभल जिले के बहजोई क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक गांव में निकल रहे ताजिया में उतरे करंट की चपेट में आ जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी तथा एक अन्य घायल हो गया। पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि बहजोई थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव में तड़के ताजिया निकाले जा रहे थे। जुलूस में रोशनी के लिये उसके पीछे जेनरेटर चलाया जा रहा था। उसके करंट की चपेट में आ जाने से सफलीन (40) नामक व्यक्ति की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।