पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने माणिक मजूमदार से सीबीआई पूछताछ के ठीक एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर निशाने पर लिया। उन्होंने मोदी सरकार पर विपक्ष के नेताओं को परेशान करने का आरोप लगाया। ममता ने मोदी सरकार पर तंज कसते हुए यह भी कहा कि अब उन्हें इस बात का इंतजार है कि उनके लिए खाना बनाने वाले इंसान से सरकारी एजेंसियां कब पूछताछ करेंगी।
‘मुझे गिरफ्तार कर लो, कोई दिक्कत नहीं है’: ममता ने कहा, ‘अगर मुझे भी गिरफ्तार कर लिया जाए तो कोई दिक्कत नहीं है। मैं अधिकारियों को दोष नहीं देती हूं क्यों उन्हें मजबूर किया जाता है।’ उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को सीबीआई ने अरबों रुपए के पोंजी स्कीम शारदा चिटफंड मामले में पूछताछ की थी। मजूमदार ममता के खासे करीबी हैं और लंबे समय से उनके सचिव हैं। मजूमदार ममता बनर्जी के दक्षिण कोलकाता के कालीघाट स्थित घर पर बने एक छोटे से दफ्तर में काम करते हैं।
‘चाय वाले को नोटिस क्यों’: ममता ने मोदी को चुनौती देते हुए कहा, ‘जिस तरह हम शुद्ध मन से राजनीति करते हैं, कोई नहीं करता।’ उन्होंने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘वे विपक्ष से राजनीतिक लड़ाई लड़ने में सक्षम नहीं हैं इसलिए व्यक्तिगत लड़ाई लड़ रहे हैं। आप राजनीतिक लड़ाई लड़िए हमें कोई दिक्कत नहीं है। आप सभी राजनेताओं को परेशान कर रहे हैं। आप उन्हें क्यों परेशान कर रहे हैं जो 30-40 सालों से हमारे साथ काम कर रहे हैं? ये लोग सिर्फ घर का ध्यान रखते हैं और कुछ नहीं जानते। वे सिर्फ आदेशों का पालन करते हैं। आप चाय सर्व करने वाले को भी नोटिस कैसे भेज सकते हैं?’