पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है जिसकी खूब चर्चा हो रही। शेयर किये गए वीडियो में ममता बनर्जी बैडमिंटन खेलते हुए नजर आ रही है। फ्लड लाइट में खेले गए इस मैच में ममता मिक्स्ड डबल मैच में भाग लेती दिखी। इस वीडियो के बारे में उन्होंने लिखा है कि हम सभी खेल को प्यार करते हैं। यह वीडियो 32 सेकंड का है। बता दें कि ममता बनर्जी आज 5 जनवरी को 64 साल की हो गईं है।
दरअसल, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पिछले दिनों प्रशासनिक बैठक के लिए पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में गई थीं। इस दौरान उन्होंने अपने व्यस्त कार्यक्रम से बैडमिंटन खेलने के लिए समय निकाला और कोर्ट पर रैकेट थाम लिया। इसके बाद ममता ने रैली भी की। ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर खुद वीडिया शेयर किया है, जिसमें वह बीरभूम में बैडमिंटन खेलती नजर आ रही हैं। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा है, ‘हम खेल से प्यार करते हैं। एक गांव में यह खेल।’ 63 साल की उम्र में उनकी ये फुर्ती लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। कहा जाता है कि उनकी खेल में भी खासी दिलचस्पी रहती है। बता दें कि वह इसके पहले भी कई खेल आयोजनों में शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर चुकी हैं।
We love sports.
A token game in a village… pic.twitter.com/rSb61JZN4d— Mamata Banerjee (@MamataOfficial) January 4, 2019
गौरतलब है कि इसके पहले भी ममता बनर्जी का अकार्डियन बजाते हुए एक और वीडियो वायरल हुआ था जिसमे वह मिकी माउस के रूप में कपड़े पहने एक आदमी के साथ ‘हम होंगे कामयाब’ गाने की धुन बजाती नजर आई थी। इसके अलावा उनकी बनाई हुई पेंटिंग राष्ट्रपति भवन में लगी हुई है, साथ ही ‘रौद्रछाया’ शीर्षक से उन्होंने एक पूजा एल्बम की भी रचना की है। इस एल्बम में 7 गाने है जो उनके द्वारा लिखे और संगीतबद्ध किए गए हैं।
गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में 19 जनवरी को बड़ी रैली करने जा रही है। जिसके लिए पार्टी कार्यकर्ता कड़ी मेहनत कर रहे है। हाल ही में बीजेपी की प्रस्तावित रथयात्रा जोकि कानूनी पचड़े में फंसी है को लेकर ममता बनर्जी और बीजेपी के बीच काफी तल्खी आयी है।