दक्षिण दिनाजपुर जिले के हिली थाने के अंतर्गत गोसाईपुर में सीमा सुरक्षा बल के एक जवान द्वारा कथित छेड़छाड़ की शिकार सातवीं कक्षा की एक छात्रा ने अपने आवास पर आत्महत्या कर ली। लड़की के परिजनों द्वारा लिखाई गई प्राथमिकी के अनुसार जवान ने लड़की से तब छेड़छाड़ की जब वह शनिवार (7 मई) सुबह ट्यूशन के बाद घर लौट रही थी। घर पहुंचकर लड़की ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे हिली ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया लेकिन उसने वहां रात करीब 11 बजे दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद इलाके में काफी तनाव है।

इस बीच बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने सिलीगुड़ी से बताया कि उसके किसी जवान के इस घटना में संलिप्तता की खबर गलत है। उन्होंने दावा किया कि लड़की सीमा पार से एक नई साइकिल तस्करी की कोशिश कर रही थी और जवानों ने उसे पकड़ लिया।

उसने बताया कि लड़की ने जो बिल दिखाया वह फर्जी था। हमारे जवानों ने लड़की को रोक लिया। उसकी मां आई और लड़की को चांटा लगाया। जवानों ने लड़की को जाने दिया लेकिन साइकिल रख ली। उसने कहा कि हालंकि इस घटना में कोई जवान शामिल नहीं है फिर भी बल ने वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जांच शुरू करवा दी है।