पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले चुनाव में अभी काफी समय बचा है। हालांकि, भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच जुबानी जंग से अभी से तेज है। भाजपा के उपाध्यक्ष राजू बनर्जी ने मंगलवार को राज्य के दुर्गापुर में एक रैली को संबोधित करने के दौरान पुलिस के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। राजू ने तृणमूल कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि पुलिस किसी भी तरह से उनकी मदद नहीं कर रही और जब बंगाल में भाजपा सरकार आएगी, तो वे पुलिस को जूते चाटने पर मजबूर कर देंगे।

क्या था राजू बनर्जी का पूरा बयान?: राजू बनर्जी ने रैली के दौरान कहा, “देखिए आजकल पश्चिम बंगाल में क्या हो रहा है। क्या राज्य में गुंडा राज जारी रहेगा? पुलिस कोई मदद नहीं कर रही। इस तरह के पुलिसकर्मियों का क्या किया जाना चाहिए? हम उन्हें जूते चाटने के लिए मजबूर कर देंगे।”

बता दें कि भाजपा नेता बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाकर प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने मंगलवार को ही कहा था कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति सबसे खराब है। बंगाल भाजपा के प्रभारी बनाए गए विजयवर्गीय ने कहा कि पूरे देश के लिए एक ही कानून लागू है, सिवाय यहां (बंगाल) के, जहां सिर्फ तृणमूल कांग्रेस का राज चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “बंगाल में एक महिला मुख्यमंत्री हैं, पर राज्य में महिलाएं ही सुरक्षित नहीं हैं। बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा दूसरे राज्यों की तुलना में बद्तर हैं। कानून की स्थिति राज्य में बर्बाद हो चुकी हैं।”

बंगाल भाजपा अध्यक्ष भी दे चुके हैं TMC को धमकी: गौरतलब है कि इससे पहले बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने ममता बनर्जी की पार्टी को धमकी दी थी। घोष ने कहा था कि विधानसभा चुनाव राज्य की पुलिस के जिम्मे नहीं, बल्कि केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में करवाए जाएंगे। TMC के जो लोग अभी तक नहीं सुधरे हैं और आम आदमी को टॉर्चर कर रहे हैं, उन्हें अगले 6 महीने में सुधर जाना चाहिए। नहीं तो पसलियां तुड़वाकर अस्पताल में भर्ती होना पड़ेगा। फिर भी नहीं माने तो शमशान जाना पड़ेगा। घोष ने कहा था कि तृणमूल समर्थक सुधर जाएं, नहीं तो हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे या जान से भी मारे जा सकते हैं।