West Bengal lockdown: भारत में कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। देश के कई राज्यों में संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसी बीच पश्चिम बंगाल में तेजी से फैलते संक्रमण को देखते हुए 15 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई है। प्रशासन के मुताबिक ये लॉकडाउन 16 मई सुबह 6 बजे से 30 मई तक लागू किया गया है।

लॉकडाउन के दौरान सिर्फ जरूरी सेवाओं को छूट दी गई है। स्कूल-कॉलेज और अन्य सभी शिक्षण संसथान बंद रहेंगे। साथ ही मेट्रो और बस सेवाओं को भी पूरी तरह बंद रखने का ऐलान कर दिया गया है। सभी सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। सिर्फ जरूरी सेवाओं से जुड़े ऑफिस काम करेंगे। इसके अलावा सभी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बार, जिम और मनोरंजन से जुड़े स्थल भी बंद रहेंगे। शापिंग मॉल, रेस्तरां, स्वीमिंग पूल, सिनेमा हॉल नहीं खुलेंगे।

सरकार ने राजनीतिक और धार्मिक सभाओं पर पूरी तरह पाबंदी लगाई है। प्रशासन के मुताबिक सुबह 7 बजे से 10 बजे तक किराना दुकान, खुदरा बाजार खुले रहेंगे। मिठाई और मीट की दुकान सुबह 10 से शाम 5 बजे तक खुलेंगी। चाय बागान में 50%, जूट मिलों में 30% उपस्थिति के साथ काम होगा।

ई-कॉमर्स सेवाएं चालू रहेंगी। वहीं बैंक और एटीएम 10 बजे से 2 बजे तक खुला रहेंगे। विवाह में 50 और अंतिम संस्कार में 20 की उपस्थिति की सीमा। लॉकडाउन का ऐलान करते हुए मुख्य सचिव आलापन बंद्योपाध्याय ने कहा कि मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

ऐसा न करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों का न सिर्फ चालान किया जक़ेगा बल्कि महामारी एक्ट के तहत उन पर केस भी दर्ज किया जाएगा।