Weather Update : मंगलवार की सुबह अधिकांश उत्तरी राज्यों में घना कोहरा छाया रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पंजाब, उत्तर-पश्चिम राजस्थान, जम्मू, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा रहा। कोहरे के रहते अधिकांश शहरों में विजिबिलिटी प्रभावित रही। वहीं बुधवार (11 जनवरी) के लिए मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया कि दिल्ली में घना कोहरा रहेगा।

बारिश का अनुमान

उत्तर भारत में घने कोहरे और शीतलहर के बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा, इस सप्ताह जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी की संभावना अधिक है। इससे दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में तापमान में और गिरावट आएगी, लेकिन कोहरा कम हो सकता है। भटिंडा और आगरा में सुबह 5.30 बजे विजिबिलिटी 0 मीटर दर्ज की गई थी।

जम्मू संभाग, गंगानगर, चंडीगढ़, अंबाला, पटियाला, बरेली, लखनऊ, सुल्तानपुर, गोरखपुर और भागलपुर में 25 मीटर दृश्यता दर्ज की गई थी जबकि हिसार, बहराइच, गया, पूर्णिया और कैलाशहर में 50 मीटर दृश्यता दर्ज की गई थी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक कोहरा घटने की स्थिति में दिल्ली सहित कई शहरों में बारिश से सर्दी का असर बढ़ सकता है।

कल कैसा रहेगा मौसम का हाल ?

मौसम विभाग ने बुधवार (11 जनवरी) को लेकर मौसम का हाल साझा किया है। मौसम विभाग के मुताबिक कल भी दिल्ली में घना कोहरा रहने की संभावना है। वहीं मुंबई, कोलकाता आसमान साफ रहने की उम्मीद है। चेन्नई में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है। बेंगलुरु में सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना दर्ज की गयी है।

मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को ठंड का असर भी कुछ खास कम नहीं होगा। मौसम विभाग ने इस महीने अब तक लगातार पांच दिनों तक शीत लहर की स्थिति दर्ज की थी, जिसमें 8 जनवरी को सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस था, जो 15 वर्षों में जनवरी में दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान था। मौसम विभाग ने सोमवार को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस, शनिवार को 2.2 डिग्री सेल्सियस, शुक्रवार को 4 डिग्री सेल्सियस और गुरुवार को 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था।