राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार ( 11 जून) को दोपहर में धूल भरी आंधी चली। वहीं सुबह आसमान में बादल छाए रहने के कारण दिल्लीवासियों को कड़कती धूप से थोड़ी राहत मिली। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में छिटपुट बारिश भी दर्ज की गई।
48 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमानः मौसम विज्ञान विभाग अधिकारी ने कहा, ‘शहर में न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पालम वेधशाला में यह 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।’सोमवार ( 10 जून) को दिल्ली में जून का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां पालम इलाके में तो तापमान 48 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। विभाग ने बताया कि मानसून के आगमन में देरी के कारण देश में वर्षा की कमी बढ़कर 45 प्रतिशत हो गई है। बता दें दिल्ली में सोमवार को दर्ज किया गया 48 डिग्री तापमान राष्ट्रीय राजधानी के इतिहास में सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया।
National Hindi News, 11 June 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
हुई हल्की बारिशः दिल्ली के लिए आधिकारिक मानी जाने वाली सफदरजंग वेधशाला ने सोमवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के इलाकों में गरज के साथ छींटे पड़ी। वहीं दिल्ली शहर के साथ एनसीआर के मौसम में भी बदलाव आया है। नोएडा में मौसम ने बदलाव देखा गया है वहीं तेज हवाएं भी चलीं। बता दें दिल्ली में मानसून के जुलाई के पहले हफ्ते तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। वहीं राजस्थान के कुछ इलाकों में पारा 50 डिग्री को पार कर चुका है। मौसम विभाग की जानकारी के मुताबिक मध्य और उत्तर भारत में लू का प्रकोप जारी रहने की उम्मीद जताई जा रही है।

