देश की राजधानी दिल्ली में फिर एक छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना इस बार संसद भवन के दो किलोमीटर पास की है, जहां मनचले ने मेट्रो स्टेशन के भीतर महिला पत्रकार से छेड़खानी की। लेकिन उसने भी बराबरी से जवाब दिया, तो वह भाग खड़ा हुआ। महिला इस दौरान मदद के लिए भी चिल्लाई लेकिन कोई नहीं आया। कुछ देर बाद पुलिस तक सूचना पहुंची, जिसके बाद मामला दर्ज हुआ और आरोपी को पकड़ा जा सका। आरोपी ने 15 मिनट के दौरान दो घटनाओं को अंजाम दिया था। मामला सोमवार का है। पीड़ित महिला पत्रकार एक अखबार में काम करती है। वह उस दिन शाम को घर लौट रही थी। दिल्ली पुलिस मुख्यालय के पास आईटीओ मेट्रो में सीढ़ियों से जा रही थी। अचानक उसके पास एक शख्स आया। पहले तो वह सॉरी बोला। फिर छेड़छाड़ करने लगा। वह उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रहा था। लेकिन महिला पत्रकार भी पीछे नहीं हटी। वह उससे जा भिड़ी। वह उसे पकड़ कर गिराने की कोशिश कर रही थीं। लेकिन वह वहां से बचकर भाग खड़ा हुआ।
Shocking visuals | Women journalist molested in Metro right in the heart of Delhi #IndiaVsPerverts pic.twitter.com/c1jVuAvqdg
— TIMES NOW (@TimesNow) November 17, 2017
घटना के बाद वह मदद के लिए चिल्लाईं। लेकिन कोई नहीं आया। पांच मिनट बाद सीआईएसएफकर्मी वहां पहुंचे, जिन्हें घटना की जानकारी दी गई। फिर मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज की और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया।
Journalist who was molested at the Metro station in Delhi recalls her ordeal as she speaks to TIMES NOW #IndiaVsPerverts pic.twitter.com/l9G3999pLq
— TIMES NOW (@TimesNow) November 17, 2017
तकरीबन दो मिनट की वीडियो क्लिप में महिला पत्रकार मेट्रो स्टेशन में नजर आ रही है। वह सीढ़ियों से नीचे आ रही होती है। पास में खड़ा सफेद रंग की कमीज में एक शख्स अचानक उनकी ओर बढ़ता है और उन्हें पकड़ने की कोशिश करता है। वह पहले तो उससे बचने की कोशिश करती हैं। लेकिन वह नहीं मानता है, तो उससे भिड़ जाती हैं। महिला की हिम्मत के आगे वह पस्त होता है और वहां से भाग खड़ा होता है। उधर, पुलिस का कहना है कि आरोपी एक चाय वाला है। वह आसपास के इलाके में ही रहता है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद उसे दो दिन में गिरफ्तार किया गया, जिसके लिए पांच टीमें बनाई गई थीं। तकरीबन पांच हजार लोगों से इस बारे में पूछताछ की गई। घटना के दिन आरोपी ने शराब पी रखी थी।
