बिहार के सुपौल जिले में छेड़खानी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कुछ मनचलों ने लड़की के साथ छेड़खानी की कोशिश की। इस दौरान लड़की ने मनचलों का विरोध किया। लड़की और लड़कों के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही। लेकिन वहां मौजूद लोग तमाशाबीन खड़े रहे। कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। स्थानीय पुलिस ने इस तरह की किसी घटना से अनभिज्ञता जताई है। हांलाकि, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि यह वीडियो कब का है। यह इस तरह की पहली घटना नहीं है। बिहार में कुछ समय से लड़कियों के साथ छेड़ाखानी और वीडियो बनाकर वायरल करने के कई मामले सामने आए हैं।
कुछ ही दिन पहले सुपौल जिले में ही एक इसी तरह की घटना सामने आयी थी। यहां एक युवक कमरे में अपनी प्रेमिका के साथ सहमति से संबंध बना रहा था, तभी अचानक 10 मनचले वहां पहुंच गए और न सिर्फ युवक की पिटाई की, बल्कि महिला के साथ छेड़खानी भी की। दोनों का आपत्तिजनक वीडियो बना वायरल कर दिया। पुलिस को भी सूचना देकर बुला लिया गया। पुलिस प्रेमी-प्रेमिका को थाने ले गई और बाद में छोड़ दिया। लेकिन मनचलों पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई।
कुछ समय पहले कैमूर जिले का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक प्रेमी जोड़े का रास्ता रोक पांच-छह मनचले छेड़खानी कर रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था, जिसने छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया था। नालंदा जिले के चेरो थानाक्षेत्र में भी इसी तरह का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दो युवक एक लड़की को जबरदस्ती जंगल में ले जा रहे थे। जहानाबाद जिले में एक लड़की का अश्लील वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें करीब एक दर्जन लड़के एक लड़की के कपड़े फाड़ रहे थे। लड़की उन लड़कों से बार-बार छोड़ देने की गुहार लगा रही थी, लेकिन वे उसके बदन को नोच रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद 11 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी, जिसमें कई नाबालिग भी शामिल थे।
