कांग्रेस संगठन में फेरबदल के बाद उत्तराखंड उत्तराखंड कांग्रेस में उथल पुथल नजर आ रही है। दरअसल कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने बड़ा बयान दिया है जिसमें उन्होंने कहा कि वे अपना अगला चुनाव कांग्रेस पार्टी से नहीं लड़ने वाले हैं। चाहें 2027 में कांग्रेस पार्टी की सरकार बन जाए। वहीं विधानसभा लोगों के साथ एक बैठक में धामी ने कहा कि “लोगों ने उन्हें बनाया है और वह उनसे पूछे बिना कोई भी फैसला नहीं लेंगे। इतना जरुर कहता हूँ कि मैं अपना अगला चुनाव कांग्रेस पार्टी से नहीं लड़ने जा रहा हूं। चाहें 2027 में कांग्रेस पार्टी सरकार बनाने की स्थिति में क्यों न हो क्योंकि बर्दाश्त करने की भी हद होती है।”
संगठन में बदलाव से नाराज: हरीश धामी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के द्वारा उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष करन महारा और विधानसभा में विपक्ष के नेता की जिम्मदारी यशपाल आर्य को मिलने से काफी नाराज चल रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के अन्य विधायकों के साथ लामबंदी करने की कोशिश की। लेकिन उनके साथ द्वाराहाट से विधायक मदन सिंह बिष्ट को छोड़कर उनके साथ कोई खड़ा नहीं दिखाई दिया, जिसके बाद से हरीश धामी का कांग्रेस पार्टी से मोहभंग हो चुका है।
मुख्यमंत्री धामी के लिए सीट छोड़ सकते हैं हरीश: मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक धारचूला से तीन बार के विधायक हरीश धामी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उपचुनाव के लिए अपनी सीट छोड़ने का एलान कर सकते हैं। वहीं, उनकी ओर से लगातार कांग्रेस पार्टी के बड़े नेताओं के खिलाफ की जा रही बयानबाजी को पार्टी का शीर्ष नेता गंभीरता से ले रहा है। जल्द उन पर अनुशासनात्मक कार्यवाही भी हो सकती है।
मुख्यमंत्री ने किया धन्यवाद: हरीश धामी की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए सीट छोड़ने की पेशकश पर मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह भाई हरीश धामी और पार्टी के ऐसे सभी लोगों को धन्यवाद करना चाहते हैं जो उनके लिए सीट छोड़ने की बात कह रहे हैं। वहीं, उन्होंने साफ किया कि वह किस सीट से चुनाव लड़ेंगे इसका फैसला पार्टी हाईकमान लेगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उपचुनाव को लेकर पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की है। जल्द उनके उपचुनाव को लेकर सीट पर फैसला हो सकता है।