Avalanche in Uttarkashi Uttarakhand: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थिति द्रोपदी का डांडा-2 (Draupadi Ka Danda-2) पर्वत चोटी पर मंगलवार को हुए हिमस्खलन में फंसे 34 प्रशिक्षु पर्वतारोहियों और सात प्रशिक्षकों की टीम में से दस की मौत हो गई है। ये लोग पर्वतारोहण के बाद वापस लौट रहे थे, तभी वहां हिमस्खलन शुरू हो गया। पीटीआई के मुताबिक नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्राचार्य अमित बिष्ट ने हिमस्खलन में दस पर्वतारोहियों की मौत की पुष्टि की है। सभी पर्वतारोही नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (Nehru Institute of Mountaineering) से एडवांस ट्रेनिंग कोर्स कर रहे थे।

इससे पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी ने घटना की सूचना मिलने पर केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से फंसे पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकालने के लिए वायु सेना की टीम को भेजने का अनुरोध किया था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हिमस्खलन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात कर घटना की जानकारी ली और वायु सेना को बचाव और राहत अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिये। मौके पर जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), सेना (Army) और भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की टीमें लगाई गई हैं।

उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने एएनआई को बताया कि हिमस्खलन में फंसे प्रशिक्षुओं की खोज और बचाव के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टर तैनात किये गये हैं।

इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को उत्तराखंड में हिमस्खलन में 10 पर्वतारोहियों की मौत पर दुख व्यक्त किया और कहा कि विभिन्न दल बचाव एवं सहायता कार्य में लगे हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में उनमें से 10 की मौत हो गई है। शाह ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, ‘‘उत्तरकाशी में हुई हिमस्खलन की घटना अत्यंत दुःखद है। इस संबंध में मैंने अधिकारियों से बात की है। स्थानीय प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी व सेना की टीमें पूरी तत्परता से राहत-बचाव कार्यों में जुटी हैं।’’