उत्तराखंड में नए मंत्रिमंडल का विस्तार आज किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज शाम 5 बजे 11 मंत्री शपथ ले सकते हैं। उत्तराखंड में सियासी उथल-पुथल के बीच मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद बुधवार को नए मुख्यमंत्री के रूप में पौढ़ी-गढ़वाल से सांसद तीरथ सिंह रावत ने शपथ ली थी।

उत्तराखंड में अधिकतम 11 मंत्री, मंत्रिमंडल में हो सकते हैं। बीजेपी इस बार चुनावी साल को देखते हुए पूरे 11 मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल करेगी। कैबिनेट विस्तार से पहले तीरथ सिंह रावत पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह से मिले। तीरथ सिंह ने त्रिवेंद्र सिंह से शुक्रवार सुबह शिष्टाचार मुलाकात की। कैब‍िनेट में जो नए चेहरे शाम‍िल हो सकते हैं, उनमें मुन्ना सिंह चौहान, बिशन सिंह चुफाल, महेंद्र भट्ट और बंशीधर भगत के नाम शाम‍िल हैं। वहीं हरक सिंह रावत, सुबोध उनियाल, यशपाल आर्य, अरविंद पांडे, सतपाल महाराज, धन सिंह और रेखा आर्य मंत्र‍िमंडल में बने रहेंगे।

बीजेपी के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोपहर बाद दिल्ले से मंत्रियों के नाम प्राप्त होने के बाद शपथ दिलाई जाएगी। संसदीय बोर्ड इस पर विचार कर रहा है। जिन नामों को शामिल किया जाना है वो दिल्ली से हमें भेजे जाएंगे। कुल 11 मंत्री शपथ लेंगे।

गौरतलब है कि पिछली त्रिवेंद्र सिंह रावत की सरकार में 9 विधायक मंत्री बनाए गए थे। उनमें वित्त मंत्री रहते हुए प्रकाश पंत का निधन हो गया था। बीजेपी शासित उत्तराखंड एक मात्र ऐसा राज्य रहा है जहां 2017 में सरकार बनने के बाद एक बार भी कैबिनेट विस्तार या मंत्रिमंडल में फेरबदल नहीं हुआ।