लोकसभा चुनाव को डेढ़ साल बचे हैं। लेकिन योगी आदित्यनाथ अभी से इस चुनाव की पटकथा लिखने में जुट गए हैं। अपनी सरकार के दूसरे कार्यकाल में योगी ने ऐसे कई फैसले लिए हैं जो इस बात की ताकीद कराते हैं कि इस बार का उनका दूसरा कार्यकाल पिछले से एकदम अलग है। एक महीने में योगी के अहम फैसले उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं हैं।
अपनी पहली कैबिनेट बैठक में योगी आदित्यनाथ ने यह निर्णय लिया कि मुफ्त राशन योजना को तीन महीने बढ़ाया जाएगा। इस निर्णय से प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को आगे भी राशन मिलता रहेगा। अमूमन गावों में आगजनी की घटना होने पर दमकल को पहुंचने में अधिक समय लगता था। इस वजह से किसानों और ग्रामीण जनता को भारी नुकसान का सामना करना पड़ता था। इसे रोकने के लिए यूपी सरकार सभी तहसीलों में दमकल की सुविधा उपलब्ध कराने जा रही है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्र में अधिकतम 15 मिनट और शहरी क्षेत्र में अधिकतम 7 मिनट का रिस्पांस टाइम इसके लिए तय किया है।
अपनी तीस दिन की सरकार में योगी ने दो वर्ष के भीतर उत्तर प्रदेश में 10 लाख करोड़ रुपए के निवेश का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही सरकार के सौ दिन पूरे होने के दरम्यान ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के आयोजन की रूपरेखा तैयार की है। भ्रष्टाचार, लापरवाही और जनता से जुड़ी समस्याओं में अनदेखी योगी सरकार में काबिले नाबर्दास्त होगी। ऐसा करने पर तीस दिन के भ्ीतर ही डीएम सोनभद्र और एसएसपी गाजियाबाद निलम्बित किए जा चुके हैं। ऐसा कर योगी ने नौकरशाहों को साफ संकेत दे दिए हैं कि या तो वे पूरी ईमानदारी से काम करें। या कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
तीस दिनों में मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस बल के लिए 86 राजपत्रित और 5295 अराजपत्रित नए पदों को शासन की मंजूरी मिली है। इन पर भर्ती की प्रक्रिया को जल्द शुरू करने के निर्देश जारी हो चुके हैं। 10 मार्च को चुनाव परिणाम आने और 25 मार्च को मुख्यमंत्री पद की दोबारा शपथ लेने के 20 दिन के भीतर उत्तर प्रदेश में 200 करोड़ से ज्यादा की अवैध संपत्ति ध्वस्त या जब्त की गई है। इसमें 25 माफिया को डीजीपी आफिस और 8 को शासन की तरफ से चिन्हित किया गया था।
महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर नवरात्र के पहले दिन से महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग को विशेष अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए गए। इसके तहत एंटी रोमियो स्क्याड वापस शुरू किया गया है। इन तीस दिन के भीतर ही मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर जनता दर्शन की शुरुआत की। हर दिन सरकार के एक मंत्री की मौजूदगी में जन समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है।
योगी की रणनीति के बारे में भारतीय जनता पार्टी के विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक कहते हैं, हमें जनता ने दोबारा पूर्ण बहुमत के साथ चुना है। हम हर वह काम तत्परता के साथ करेंगे जिससे जनता और प्रदेश दोनों का तीव्र विकास हो। न हम भ्रष्टाचार करेंगे और न ही भ्रष्टाचारियों को बर्दाश्त किया जाएगा। जो जनता के लिए समर्पित भाव से काम करेगा। वही रहेगा। हम जनता के लिए हैं और उसी के लिए हमेशा रहेंगे।