उत्तर प्रदेश के मथुरा के चीफ मेडिकल ऑफिस कैंपस में गैस रिसाव से कई स्टूडेंट्स की हालत खराब हो गयी। जानकारी के मुताबिक अस्पताल स्थित CMO ऑफिस में क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ। गैस के रिसाव से कई छात्राओं की हालत खराब बताई जा रही है। लोगों ने बताया कि अचानक से अजीब गंध आई जिसके बाद छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी।

जानकारी के मुताबिक स्टोर में सिलेंडर रखा गया था जिसमें गैस रिसाव होने लगा। गैस के रिसाव से हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि गैस के रिसाव से दर्जनों छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। कम से कम 10 नर्सिंग छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कल शाम से ही थी लीकेज की समस्या

फायर ब्रिगेड कर्मियों का कहना है, “कल शाम से ही समस्या हो रही थी। हमारे अधिकारी यहां आए थे और उन्हें इस पर नियंत्रण करने के लिए कहा गया था। यहां गैस रिसाव की घटना हुई, सांस लेना मुश्किल हो गया है और लोग काम नहीं कर पा रहे हैं। टीम अब यहां एक घंटे से है। ऐसा कल भी हुआ था लेकिन इसे नियंत्रित कर लिया गया था। अब रिसाव फिर से हो रहा है।” हालांकि, घटना के बाद आईओसी की टीम के साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

कुछ सेकेंड में ही गैस पूरे परिसर में फैल गई। अचानक गैस को देख कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। आंखों में जलन के साथ कर्मचारियों के दम घुटने लगे। कर्मचारी और अधिकारी कमरे छोड़कर बाहर की तरफ भागे। एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में पढ़ाई कर रही कुछ छात्राएं जमीन पर गईं।

अस्पताल में भर्ती हुई छात्राएं

एक नर्सिंग छात्रा का कहना है, “कल से सिलेंडर लीक की समस्या है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। आज अचानक सभी बीमार पड़ गए। स्थिति के बारे में सभी को पता था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।” छात्राओं को गैस लीक होते ही घबराहट, आंखों से आंसू और बेहोशी जैसी परेशानियां होने लगी। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी छात्राओं का उपचार किया गया तब जाकर स्थिति नियंत्रित हो सकी।