उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के समाजवादी पार्टी के कार्यवाहक अध्यक्ष गुलशन यादव को पुलिस ने डकैती के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। गुलशन यादव के खिलाफ 392 और 395 की धाराएं लगी थी और वह इस मामले में वांछित चल रहे थे। गुलशन यादव प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा सीट से रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ चुनाव भी लड़ चुके हैं।
2022 यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने राजा भैया को कड़ी चुनौती दी थी। इसके बाद नगर पंचायत चुनाव में कुंडा टाउन एरिया से सपा प्रत्याशी के तौर पर गुलशन यादव की पत्नी सीमा यादव चुनाव लड़ रही थी। गुलशन यादव को प्रयागराज स्थित उनके आवास से सोमवार शाम को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद मंगलवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया।
जानकारी के मुताबिक विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के समर्थकों से गुलशन यादव का विवाद हुआ था। इसमें मारपीट की घटना भी सामने आई थी। इसके संबंध में विजय प्रताप सिंह ने मारपीट व घर में घुसकर लूट का केस कुंडा कोतवाली में गुलशन यादव के खिलाफ दर्ज कराया था। इसके बाद गुलशन यादव हाईकोर्ट भी पहुंचे लेकिन वहां उन्हें राहत नहीं मिली।
कुंडा कोतवाल कमलेश पाल ने गुलशन यादव की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए कहा कि हां उन्हें गिरफ्तार किया गया है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान कुंडा विधानसभा सीट से गुलशन यादव ने राजा भैया को कड़ी टक्कर दी थी। यह भी कह सकते हैं कि राजा भैया को इतनी कड़ी टक्कर कभी नहीं मिली थी। राजा भैया को करीब 1 लाख वोट हासिल हुआ था जबकि गुलशन यादव को करीब 70 हजार वोट मिले थे। गुलशन यादव चुनाव तो हार गए लेकिन राजा भैया को उन्होंने कड़ी टक्कर दी।
गुलशन यादव के लिए 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कुंडा गए थे। उन्होंने गुलशन के समर्थन में जनसभा को भी संबोधित किया था। गुलशन यादव पर कुल 33 मुकदमे दर्ज हैं। गुलशन यादव पर पहला मुकदमा हत्या का दर्ज हुआ था। गुलशन यादव के भाई छविनाथ यादव भी प्रतापगढ़ समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके खिलाफ भी कई मुकदमे दर्ज हैं।