योगी सरकार (Yogi Government) में मंत्री संजय निषाद (Sanjay Nishad) आजकल काफी चर्चाओं में हैं। उनके सरकारी आवास पर लगी डॉ. राम मनोहर लोहिया (Dr. Ram Manohar Lohia) की प्रतिमा को ढके जाने का मामला सामने आने के बाद वह विवादों में आ गए हैं। प्रतिमा को लकड़ी के बोर्ड से कवर करने के बाद हरा और भगवा पेंट कर दिया गया है। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने इसका विरोध करते हुए भाजपा गठबंधन पर एक महापुरुष और एक विचारधारा के अपमान का आरोप लगाया है।

बता दें कि लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग पर स्थित बंगला नंबर एक यूपी सरकार में मत्स्य मंत्री और निषाद पार्टी सुप्रीमो संजय निषाद के नाम पर आवंटित है। इस बंगले के बगीचे में समाजवादी पार्टी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा लगी है, जिसे संजय निषाद के बंगले में शिफ्ट होने के बाद ढक दिया गया है। यह बंगला दो दशक तक लोहिया ट्रस्ट के नाम पर आवंटित था।

इस प्रतिमा को एक लकड़ी के बोर्ड से कवर किया गया है, जिस पर हरा और भगवा पेंट कर दिया गया है। प्रतिमा को चारों तरफ से लकड़ी के बोर्ड से ढका गया है, जिसके बाद यह प्रतिमा बिल्कुल नजर नहीं आ रही है।

जहां पर यह प्रतिमा मौजूद है, यह पहले कार्यालय था। लोहिया ट्रस्ट का कार्यालय पहले यहीं हुआ करता था, जिसे बाद में संजय निषाद को आवास के तौर पर आवंटित कर दिया गया। प्रतिमा को कवर करने का यह मामला सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियों में है।

समाजवादी पार्टी के नेता आईपी सिंह (IP Singh) ने स्टेच्यू ढके जाने का एक फोटो ट्विटर पर शेयर किया है। इसके साथ उन्होंने लिखा- “एक महापुरुष एक विचारधारा का अपमान भाजपा गठबंधन ने मूर्ति ढककर किया है। कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने लोहिया जी की मूर्ति, जो आवास पर लगी थी, को ढक दिया। कैबिनेट मंत्री संजय निषाद को आवंटित आवास पहले कार्यालय था, लोहिया ट्रस्ट का इसी बंगले में पहले कार्यालय रहा है।”