पैगंबर मोहम्मद टिप्पणी विवाद पर खाड़ी देशों की नाराजगी को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि वहां रह रहे 90 लाख भारतीयों के सामने देश लौटने की नौबत आ गई है। उन्होंने मोदी सरकार से नूपुर शर्मा को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के बयान से देश में असामान्य स्थिति पैदा हो गई है। राजभर ने कहा, “खाड़ी देशों में रहने वाले तकरीबन 90 लाख भारतीयों को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है, जहां उन्हें देश लौटना पड़ सकता है।” उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार को नूपुर शर्मा को तुरंत गिरफ्तार करने की जरूरत है, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। भाजपा इस मुद्दे पर कोई ध्यान नहीं दे रही है।
राजभर ने उत्तर प्रदेश सरकार के बुलडोजर एक्शन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी हमला बोला है। उन्होंने योगी सरकार पर “दुर्भावनापूर्ण और असंवैधानिक तरीके” से काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में अदालतों पर ताला लगा दे। राजभर ने जिले के रसरा इलाके में पत्रकारों से बातचीत में कहा, ”योगी सरकार संविधान के खिलाफ काम कर रही है। बुलडोजर की आड़ में द्वेषपूर्ण और असंवैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”
उन्होंने यह भी दावा किया कि उत्तर प्रदेश में जिन दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उन पर सपा प्रत्याशी जीत हासिल करेंगे। वहीं, आजमगढ़ लोकसभा सीट के बीजेपी उम्मीदवार दिनेश लाल यादव निरहुआ को अशिक्षित बताते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उनकी हार को समझ सकती है इसलिए उसके बड़े नेता निरहुआ के लिए प्रचार करने से बच रहे हैं।
बता दें कि राजभर ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ा था। आगामी राष्ट्रपति चुनाव पर उनके विचार पूछे जाने पर राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी विपक्षी उम्मीदवार का समर्थन करेगी।