यूपी के सहारनपुर में एक शख्स ने व्यस्त मार्केट में एक 25 वर्षीय लड़की और उसकी बूढ़ी मां पर तलवार से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। पुलिस ने बताया कि शनिवार (24 नवंबर, 2018) को जिले के ननौता क्षेत्र में घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी परिचित की छत पर चढ़ा और रेजर से अपना गला भी रेत लिया। तीनों को सहारनपुर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। खबर के मुताबिक हमलावर वजाहत खान है, जो पूर्व में उसी लड़की संग उत्पीड़न के आरोप में छह महीने की सजा काट चुका है और जमानत पर बाहर था। स्थानीय पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 (हत्या की कोशिश) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वजाहत ने तलवार से कई बार हमला कर मां-बेटियों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाद में आने-जाने वालों की मदद से पीड़ितों को किसी तरह हॉस्पिटल पहुंचाया गया। स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मुताबिक हमले के बाद आरोपी किसी परिचित की छत पर चढ़ गया और खुद का गला रेत जान लेने की कोशिश की।
सहारनपुर के एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि छह महीने पहले वजाहत को उसी लड़की संग उत्पीड़न के दोष में जेल भेजा गया। कुछ साल पहले कथित तौर पर उसके लड़की से संबंध थे। साल की शुरुआत में लड़की ने जब उसे ठुकरा दिया तो उसी घर में घुसकर हमला कर दिया। मां संग भी बुरा बर्ताव किया गया। घटना के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया और जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक वह जमानत पर बाहर आया और पूर्व निर्धारित योजना के तहत लड़की के पास पहुंचा।
एसएसपी के मुताबिक हमले में लड़की और उसकी मां के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि लड़की की हालत में सुधार हो रहा है जबकि मां की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। इसके अलावा आरोपी की हालत ज्यादा खराब होने पर उसे मेरठ रेफर किया गया है।