उत्तर प्रदेश के रामपुर में आठ साल के बच्चे से दुष्कर्म के आरोप में गांवों वालों ने एक शख्स का मुंह काला कर दिया। गांव वालों ने दुष्कर्म के आरोपी को और भी ज्यादा शर्मिंदा करने के लिए उसके गले में जूते की माला डाल दी। इसके अलावा गांव वालों ने भैंस पर बिठाकर उसकी परेड भी कराई। पूरी घटना का वीडियो बना लिया गया, जो अब तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। मामले में पुलिस ने बताया कि वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। इसके अलावा घटना की जांच भी की जा रही है।

बता दें कि इससे पहले इस साल अगस्त में मुंबई के अंधेरी निवासी 16 वर्षीय लड़के ने 15 लड़कों पर करीब एक साल तक उससे दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। तब अपनी शिकायत में लड़के ने बताया कि आखिर में उसने अपनी आपबीती एक दोस्त को बताई चूंकि उसे असहनीय दर्द हो रहा था। इसके अलावा पीड़ित लड़के को ब्लैकमेल भी किया गया था और शारीरिक उत्पीड़न किया गया था। बाद में एक मेडिकल जांच में इस बात की पुष्टि भी हुई की लड़के का यौन शोषण किया गया।

जानकारी के मुताबिक पीड़ित लड़के ने बताया कि सबसे पहले उसके एक दोस्त ने उसके साथ दुष्कर्म किया और पूरी घटना का वीडियो बना लिया। ये वीडियो क्लिप उसने अपने और दोस्तों को भी दिखाई। इसपर दोस्त ने उससे अन्य लड़के संग भी ऐसा ही करने के लिए दबाव बनाया। अगर उसने ऐसा नहीं किया तो उसका वीडियो वायरल कर दिया जाएगा।