नरेंद्र मोदी सरकार के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री महेश शर्मा मंगलवार (18 अक्टूबर) को केंद्र सरकार द्वारा अयोध्या में प्रस्तावित “रामायण संग्रहालय” के लिए चिह्नित 25 एकड़ जमीन का निरीक्षण करने पहुंचे। केंद्रीय मंत्री द्वारा किए गए ट्वीट के अनुसार इस संग्रहालय में भगवान राम के जीवन और मूल्यों को दर्शाया जाएगा। यह संग्रहालय केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा बनाए जा रहे “रामायण सर्किट” का हिस्सा होगा। केंद्र सरकार इसके अलावा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए “कृष्ण सर्किट” और “बुद्ध सर्किट” भी बनाएगी। महेश शर्मा ने रामायण संग्रहालय से जुड़े एक सवाल पर कहा था, “हम एक ऐसा संग्रहालय बनाना चाहते हैं जहां आकर पूरी दुनिया राम के जीवन और रामायण के बारे में जान सके।”
केंद्र सरकार ने रामायण सर्किट के लिए 225 करोड़ रुपये अनुमोदित किए हैं जिनमें से 151 करोड़ रुपये अयोध्या पर खर्च किया जाएंगे। रामायण संग्रहालय के लिए चिह्नित भूखंड विवादित राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद परिसर से करीब 15 किलोमीटर दूर है। अपनी अयोध्या यात्रा के दौरान शर्मा रामायण सर्किट एडवाइजरी बोर्ड के साथ बैठक भी कर सकते हैं।
वीडियो: उत्तर प्रदेश में फिर गरम हो सकता है राम मंदिर का मुद्दा-
संस्कृति मंत्रालय इस साल अयोध्या या आसपास एक अंतरराष्ट्रीय रामायण सम्मेलन आयोजित करने की योजना पर भी विचार कर रहा है। इस सम्मेलन में करीब 12 देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। बीजेपी और महेश शर्मा इस बात से इनकार कर रहे हैं कि रामायण संग्रहालय अगले साल होने वाले यूपी विधान सभा चुनावों को देखते हुए बनाया जा रहा है। महेश शर्मा ने कहा, “हमारे लिए आस्था और राजनीति अलग विषय हैं।” हालांकि इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने भी दशहरे पर लखनऊ में एक रामलीला में भागीदारी की और अपने संबोधन के बाद “जय श्री राम” का नारा लगाया था। पीएम मोदी द्वारा नाए लगाए जाने को भी पार्टी की यूपी चुनाव की तैयारी से जोड़ कर देखा गया।
यूपी की समाजवादी पार्टी की सरकार अयोध्या की सरयू नदी के किनारे एक अंतरराष्ट्रीय रामलीला थीम पार्क बनाने जा रही है। सोमवार को सीएम अखिलेश यादव की कैबिनेट ने इस थीम पार्क की योजना की मंजूरी दे दी है। राज्य सरकार ने भी पर्यटन, रोजगार और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने को थीम पार्क का मुख्य उद्देश्य बताया है। हालांकि बसपा प्रमुख मायावती ने बीजेपी और समाजवादी पार्टी पर आगामी चुनावों से पहले धर्म के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाया है। जबकि बीजेपी और समाजवादी पार्टी ने इससे इनकार किया है।
वीडियो: पीएम मोदी ने कहा सैनिकों ने पत्थर की चोट भुलाकर कश्मीरियों की मदद की-
Lord Ram resides in hearts of Millions. A grand #RamayanaMuseum depicting his life and values at Ayodhya. Visiting tomorrow .
— Dr. Mahesh Sharma (मोदी का परिवार) (@dr_maheshsharma) October 17, 2016

