आखिरकार अमर सिंह की समाजवादी पार्टी में वापसी हो गई है। अमर सिंह समाजवादी पार्टी के टिकट पर राज्यसभा जाएंगे। अमर सिंह के अलावा हाल ही में पार्टी में शामिल हुए बेनी प्रसाद वर्मा भी सपा की तरफ से राज्यसभा भेजें जाएंगे। मंगलवार को सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के घर पर चली पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक में सात नामों पर महुर लगी है। बैठक के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने मीडिया के सामने इन नामों की घोषणा की।

इन नामों में अमर सिंह, बेनी प्रसाद वर्मा, रेवती रमण सिंह, संजय सेठ, सुखराम यादव, विश्वंभर निषाद और भगवती सिंह के नाम शामिल हैं। अमर सिंह काफी समय से सपा में वापसी की कोशिश कर रहे थे। पांच बार सांसद रह चुके बेनी प्रदास वर्मा ने भी सपा में अभी-अभी वापसी की है। वापसी के समय बेनी ने कहा था कि कांग्रेस में उनका दम घुट रहा था। बेनी यूपीए सरकार में केंद्रीय इस्पात मंत्री थे।