राज बब्‍बर को उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्‍यक्ष बनाया गया है। बब्‍बर के नाम पर दिल्‍ली में गुलाम नबी आजाद के घर पर हुई बैठक में अंतिम फैसला लिया गया। आजाद उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हैं। उन्‍होंने फैसला लेने के बाद मंजूरी के लिए आलाकमान को भेज दिया। इससे पहले संजय सिंह, जतिन प्रसाद, डॉ. राजेश मिश्र जैसे नेताओं के नाम पर चर्चा हुई। लेकिन अंतत: राज बब्‍बर का नाम फाइनल किया गया। इसके बाद कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में इसकी घोषणा की। इमरान मसूद को प्रदेश कांग्रेस उपाध्‍यक्ष बनाया गया।

यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष निर्मल खत्री ने 11 जुलाई को इस्तीफा दे दिया था। अगले ही दिन राज बब्‍बर को उनकी जगह दे दी गई। उनके नाम का एलान होने से पहले हुई बैठक में गुलाम नबी आजाद के साथ प्रियंका गांधी भी शामिल हुई थीं।

राज बब्बर को कांग्रेस में आए अरसा हो गया। वह दो बार यूपी से लोकसभा के लिए चुने गए हैं और अभी उत्‍तरारखंड से राज्यसभा सांसद हैं। लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव की पत्नी और मुलायम सिंह यादव की बहू डिंपल यादव को हरा चुके हैं। ऐसे में राज बब्बर की राज्‍य में लोकप्रियता को लेकर पार्टी को संदेह नहीं है।

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, मधुसूदन मिस्त्री, निर्मल खत्री और कपिल सिब्बल के साथ राज बब्बर। (Express Archive Photo)
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, मधुसूदन मिस्त्री, निर्मल खत्री और कपिल सिब्बल के साथ राज बब्बर। (Express Archive Photo)

फिल्‍मों से राजनीति में आए राज बब्बर
राज बब्‍बर बॉलीवुड के नामचीन कलाकार रहे हैं। लेकिन साल 1989 में वह राजनीति में उतर गए। उन्‍होंने जनता दल से शुरुआत की, बाद में समाजवादी पार्टी में गए। वर्ष 2006 में समाजवादी पार्टी ने उनको पार्टी विरोधी गतिविधि के आरोप में निलंबित कर दिया। दो साल बाद वह कांग्रेस में आ गए।

सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के साथ राज बब्बर। (Express Archive Photo)
सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के साथ राज बब्बर। (Express Archive Photo)

2009 के लोकसभा चुनाव में राज बब्बर ने डिंपल यादव को हराकर अपना लोहा मनवाया। साल 2014 का लोकसभा चुनाव उन्होंने गाजियाबाद से लड़ा था, लेकिन बीजेपी के जनरल वी के सिंह से हार गए थे।

बेटी जूही, बेटे आर्य और पत्नी नादिरा बब्बर के साथ राज बब्बर। (Express Archive Photo)
बेटी जूही, बेटे आर्य और पत्नी नादिरा बब्बर के साथ राज बब्बर। (Express Archive Photo)

राज बब्‍बर यूपी के ही हैं। उनका जन्म 23 जून, 1952 को उत्तर प्रदेश के टुंडला (आगरा) में हुआ था। उन्‍होंने स्‍कूली पढ़ाई फैज-ए-आम स्कूल आगरा से की। ग्रेजुएशन भी आगरा से ही किया। इसके बाद एनएसडी (नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा) से एक्टिंग का कोर्स किया। वह एनएसडी में 1975 के बैच में थे। यहां से निकलने के बाद वह मुंबई चले गए। ‘इन्साफ का तराजू’ और ‘आज की आवाज’ जैसी उनकी फिल्‍में काफी हिट हुईं। राज बब्‍बर की शादी नादिरा बब्‍बर से हुई थी। नादिरा से उन्‍हें बेटा आर्य और बेटी जूही हुईं। बाद में राज बब्‍बर ने स्मिता पाटिल से शादी की। स्मिता से उन्‍हें एक बेटा प्रतीक हुआ। स्मिता नहीं रहीं तो राज बब्‍बर एक बार फिर नादिरा के साथ रहने लगे थे।