कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार (3 अक्टूबर) को जिला प्रशासन से अनुमति ना मिलने के बावजूद मुरादाबाद में रोड शो किया। इसके बाद मुरादाबाद पुलिस ने जिला कांग्रेस के छह नेताओं पर धारा 144 तोड़ने का मामला दर्ज किया है। राहुल गांधी का रोड शो सुबह 11.15 बजे जामा मस्जिद के पास से शुरू हुआ। यह कार्यक्रम अंबेडकर पार्क में 2.30 बजे समाप्त हुआ। यहां पर उन्होंने रैली को संबोधित किया। राहुल की किसान यात्रा का यह 23वां दिन था। मुरादाबाद एसपी(सिटी) राम सुरेश यादव ने बताया कि मुगलपुरा थाने में कांग्रेस के छह नेताओं पर एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर जिला कांग्रेस अध्यक्ष एपी सिंह, शहर अध्यक्ष अनुभव मल्होत्रा पर दर्ज की गई है। इनके अलावा 200-250 कार्यकर्ताओं पर भी धारा 188 और 144 लगाई गई है हालांकि एफआईआर में इनके नाम नहीं हैं।
देश-दुनिया की बड़ी खबरों के लिए देखें वीडियो:
मुरादाबाद एसएसपी नितिन तिवारी के एपी सिंह को अनुमति न दिए जाने के बाद भी रोड शो निकाले जाने पर नोटिस जारी किया गया। इसके बाद एफआईआर दर्ज हुई। तिवारी ने बताया, ”जिला कांग्रेस ने रोड शो के लिए जो रास्ता बताया था उसे सुरक्षा कारणों से नामंजूर किया गया और इसके बाद दूसरे किसी रास्ते के बारे में नहीं बताया गया।” डीएम जुहैर बिन सगीर ने बताया कि सुरक्षा कारणों से ही राहुल के साथ रहने वाली एसपीजी टीम ने भी रोड शो को मंजूरी नहीं दी थी। उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी के रोड शो को जिला पुलिस और एसपीजी की रिपोर्ट के चलते मंजूरी नहीं दी गई। दोनों ने सुरक्षा कारणों की वजह बताई।”
राहुल गांधी ने कहा- ‘PM मोदी को खुद झाड़ू पकड़ने नहीं आता, लोगों को सफाई का संदेश दे रहे हैं’
मुरादाबाद कांग्रेस ने 28 सितम्बर को राहुल गांधी के रोड शो के लिए पुलिस और जिला प्रशासन से अनुमति मांगी थी। लेकिन इसे मंजूरी नहीं मिली तो उसकी ओर से तीन अक्टूबर के लिए अनुमति की अर्जी दी गई लेकिन यह भी नामंजूर कर दी गई। जिला कांग्रेस की ओर से 29 सितंबर के लिए दिए गए रूट प्लान में राहुल गांधी को जामा मस्जिद पुल, जेआईसी चौक, मंडी चौक, चौमुखा पुल, बाजार गंज और अंबेडकर पार्क से गुजरना था। हालांकि पुलिस ने ऊंची इमारतों की वजह से सुरक्षा कारणों के चलते मना कर दिया। एसएसपी ने बताया कि जिला कांग्रेस ने दूसरा रूट प्लान नहीं दिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एपी सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। हालांकि सिंह का कहना है कि उन्हें जिला प्रशासन और पुलिस से दो नोटिस मिले हैं। उन्होंने कहा, ”उन्होंने हमें रोड शो नहीं करने की चेतावनी दी। लेकिन हम सफलतापूर्वक रोड शो करने में सफल रहे।”
VIDEO: राहुल गांधी बोले- मैं नहीं लगवा सकता आलू की फैक्ट्री, सोशल मीडिया पर उड़ रहा मजाक