अगर किसी का बैग किसी ऐसी जगह से खो जाए जहां बाहरी लोग आते जाते रहते हों, तो उसके मिलने की उम्मीद क्या ही होगी, लेकिन यूपी पुलिस तो यूपी पुलिस है। दरअसल लखनऊ में नगर निगम के साथ विकास के लिए एक एमओयू साइन करने आए गेल इंडिया के बड़े अफसर का बैग खो गया। यह बैग लखनऊ में नगर निगम के मुख्यालय के बाहर से खोया था। गेल इंडिया के मुख्य महाप्रबंधक का बैग खोया तो लखनऊ के मेयर से लेकर तमाम आला अधिकारियों ने पुलिस को फोन करने शुरू कर दिए। अब पुलिस ने भी बैग ढूंढने में अपनी पूरी ताकत लगा दी। पुलिस ने इतनी तत्परता दिखाई कि यूपी 100 और हजरतगंज पुलिस के सिपाही 3 बैग ढूंढ लाए। जब बैग मुख्य महाप्रबंधक के सामने रखे गए तो पता चला कि इनमें से तो कोई भी बैग मुख्य महाप्रबंधक का है ही नहीं।
गेल इंडिया के मुख्य महाप्रबंधक अनूप गुप्ता लखनऊ नगर निगम के साथ 2 करोड़ रुपए का एमओयू साइन करने गए थे। यह एमओयू लखनऊ के विकास के लिए लखनऊ नगर निगर और गेल के बीच साइन किया गया। एमओयू साइन करने के बाद अनूप गुप्ता जैसे अपनी कार में पहुंचे तो उनका बैग गायब था। बैग में उनका रिटर्न टिकट और 35 हजार रुपए थे। नगर आयुक्त के मुताबिक निजी ट्रेवल एजेंसी की गाड़ी से अनूप गुप्ता आए थे। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। साथ ही उन्हें वापस भेजने का इंतजाम भी करवाया गया है।
आपको बता दें कि लखनऊ में ऐप्पल के सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की पुलिस की गोली से मौत होने के बाद से पुलिस की कारवाई पर सवाल उठ रहे हैं। अब लखनऊ में गेल के महाप्रबंधक का बैग खोना और फिर 10 मिनट में पुलिस द्वारा एक बैग एक के बदले 3 बैग ढूंढकर लाना भी अजीब है, इसके बाद तो एक सवाल ये भी है कि पुलिस जो 3 बैग ढूंढकर लाई है वह किसके हैं।