उत्तर प्रदेश के एटा जिले में जहरीली शराब पीने से 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार रात हुए हादसे में लुहारी दरवाजा और पास के ही लौखेरा गांव के लोगों को शराब पीने के बाद दिक्कत महसूस हुई। शुक्रवार रात 14 लोगों की गांव में मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, शराब पीने के बाद 12 अन्य लोगों की हालत बिगड़ गई। उनमें से छह लोग आंखों की रोशनी गंवा चुके हैं। हादसे का मुख्य आरोपी श्रीपाल गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी अजय शंकर राय के मुताबिक, श्रीपाल को नयागांव क्षेत्र से शुक्रवार रात गिरफ्तार किया गया है। एटा के जिलाअधिकारी अजय यादव ने कहा, ”शराब हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है।”
प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक्साइज डिपार्टमेंट के तीन अधिकारियों समेत कुल चार सरकारी कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। यादव ने बताया कि मृतकों के परिवारों को दो लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर लखनऊ में, मुख्य सचिव दीपक सिंहल ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पूरी स्थिति से अवगत कराया। सीएम ने प्रमुख सचिव (एक्साइज) और प्रमुख सचिव (गृह) को ड्यूटी निभाने में नाकाम अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
READ ALSO: दिग्विजय सिंह ने उड़ाया मजाक, लिखा- अभिषेक को ऐश पसंद है, केजरी को क्लेश पसंद है, मोदी को…
प्रमुख सचिव (एक्साइज) किशन सिंह अटोरिया ने कहा, ”मामले को गंभीरता से लेते हुए, डिस्ट्रिक्ट एक्साइज ऑफिसर, एक्साइज इंस्पेक्टर और एक एक्साइज कर्मचारी को सस्पेंड किया गया है।” वहीं पीएस (गृह) देबाशीष पंडा ने कहा कि सर्किल ऑफिसर अलीगंज आसाराम अहिरवार और थाना प्रभारी मुकेश कुमार को भी सस्पेंड किया गया है। एसपी एटा ने भी कार्रवाई करते हुए सब इंस्पेक्टर योगेन्द्र कुमार, कॉन्स्टेबल भगत सिंह, ओम प्रकाश, तुकीराम, भगवान सिंह और महेश चन्द्र को सस्पेंड कर दिया गया है।