कानपुर हिंसा मामले में कानपुर शहर काजी अब्दुल कुद्दूस ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं और एकतरफा कार्रवाई करार दिया है। उन्होंने कहा कि बेगुनाहों की गिरफ्तारियां की जा रही हैं। इसके अलावा, बुलडोजर पर उन्होंने कहा कि अगर ऐसी कार्रवाई हुई तो सिर पर कफन बांधकर निकल जाएंगे, अब और ज्यादा इंतेजार नहीं करेंगे।
अब्दुल कुद्दूस ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में ऐसा नहीं है कि सिर्फ मुसलमान गलत है। गलतियां दोनों तरफ से हुई, ऊपर से पत्थर फेंके गए, लेकिन 90-95 फीसद गिरफ्तारियां सिर्फ मुसलमानों की हो रही हैं। उन्होंने कहा कि मानते हैं कि नादानी हुई, जुलूस नहीं निकालना चाहिए था, पर गलतियां तो बराबर से हुई हैं, लेकिन इसी तरीके से गिरफ्तारी भी बराबर से होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, जिस तरह गिरफ्तारियां हो रही हैं उसे लेकर शहर में लोग बेचैन हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि बेगुनाहों की गिरफ्तारियां ज्यादा हो रही हैं। काजी ने कहा, “यह इतना बड़ा मसला नहीं था, जितनी गिरफ्तारियां हो रही हैं। एनआरसी का इतना बड़ा मसला था, सैकड़ों गिरफ्तारियां हुई, हमने छुड़वाए छूट भी गए थे। यह इतना बड़ा मसला नहीं था कि 50-60 गिरफ्तारियां हो जाएं और 40 की लिस्ट बनाकर तैयार कर दी जाए।” उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यह तो बिल्कुल ज्यादती है और गलत है। इसके खिलाफ लोगों को आज उठानी पड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह इन कार्रवाईयों को बंद कराने के लिए अपने डेलीगेशन के साथ कमीश्नर के पास जाएंगे।
बुलडोजर पर उन्होंने कहा, “अगर इस तरह की कार्रवाई हुई तो लोग सिर पर कफन बांधकर निकल जाएंगे, ज्यादा देर इंतजार नहीं कर पाएंगे हम लोग। सब्र की इंतेहां हो रही है अब। अगर यही हुआ तो कफन बांधकर निकल पड़ेंगे कि, हमें हमारे बच्चों को रहने नहीं देना है, ज्यादती करना, घरों को तोड़ना तो ठीक है मरने के लिए तैयार हैं हम।”
हयात जफर हाशमी की पत्नी ने पुलिस पर लगाया पक्षपात का आरोप
इस बीच दंगे के मास्टरमाइंड बताए जा रहे हयात जफर हाशमी पुलिस के शिकंजे में है। ऐसे में उनकी पत्नी ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया है और कहा कि उनके पति को फंसाने की साजिश है। उन्होंने पुलिस के सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “पुलिस इसके साक्ष्य दिखा दे कि मैं 141 ग्रुप्स की एडमिन थी।”
कानपुर दंगे के पीछे गहरी साजिश- डिप्टी सीएम
वहीं, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कानपुर हिंसा के पीछे गहरी साजिश है। उन्होंने कहा, “यूपी एक अच्छी कानून व्यवस्था के साथ प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है, लेकिन कानपुर के उपद्रव के पीछे गहरी साजिश की बू आ रही है। कानुपर में दंगा करने वाले जो तत्व हैं, उन्हें पकड़कर कठोरतम कार्रवाई करने के लिए कानून के दायरे में जो भी आवश्यक कदम होगा, वह उठाया जाएगा। पर अगर पूरे उत्तर प्रदेश में कोई दंगा करने की कोशिश करके सोच रहा है कि कोई कार्रवाई नहीं होगी तो वह युग अब समाप्त हो गया है। यहां कानून व्यवस्था का राज है, कोई कुछ गड़बड़ करेगा तो उसकी सजा भुगतनी पड़ेगी।”
