कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राहुल गांधी का सोमवार(15 जनवरी) से उत्तर प्रदेश का दो दिवसीय दौरे शुरू हुआ। पहले मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचे फिर अपने क्षेत्र अमेठी। मगर, उनके दौरे के दौरान काफी हंगामा भी हुआ। उन्हें विरोध प्रदर्शनों का सामना करना पड़ा। रायबरेली और अमेठी में भाजपा और कांग्रेस समर्थकों में झड़प भी हुई। भाजपा कार्यकर्ता और कुछ स्थानीय लोगों ने विकास न होने का मुद्दा उठाते हुए विरोध प्रदर्शन करने की कोशिश की। इसको लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से भिडंत हो गई। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को संभालने में पुलिस को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। पुलिस को लाठियां भी भांजनी पड़ी। हंगामा उस समय ज्यादा बढ़ गया जब अमेठी से कांग्रेस के एमएलसी दीपक सिंह रायबरेली के पुलिस अधीक्षक से ही भिड़ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की शह पाकर भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का विरोध कर रहे है। विरोध-प्रदर्शनों के पीछे पुलिस का हाथ होने का आरोप लगाने पर उनकी एसएसपी से तीखी नोंकझोंक हुई। इस दौरान कांग्रेसी एमएलसी गाली देते भी सुने गए। एसएसपी से नोकझोंक की फुटेज भी मीडिया में चलने लगी।
#WATCH | Stormy start to RaGa visit. Congress MLC abuses top cop in Amethi pic.twitter.com/KP3bJN3bch
— News18 (@CNNnews18) January 15, 2018
बाद में पत्रकारों से बातचीत में एमएलसी दीपक ने कहा- ‘‘जितना काम अमेठी में हुआ है, उतना काम कहीं नहीं। पुलिस वाले चार लोगों को खड़ा कराकर विरोध प्रदर्शन करा रहे थे। इसका हमने विरोध किया।” उधर भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि जब स्थानीय जनता विकास कार्यों के न होने की शिकायत लेकर राहुल गांधी से मिलने पहुंची तो कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पिटाई शुरू कर दी। पुलिस भी इसमें शामिल रही। आम जनता के उत्पीड़न की खबर मिलने पर भाजपा कार्यकर्ता बचाव करने पहुंचे। भाजपाइयों का कहना था कि स्थानीय सांसद की उपेक्षा के कारण अमेठी में समुचित विकास कार्य नहीं हुए हैं।
बता दें कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार रायबरेली और अमेठी दौरे पर राहुल गांधी सोमवार को पहुंचे। राजधानी लखनऊ से सड़क मार्ग से वे पहले रायबरेली पहुंचे फिर अमेठी। अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी में जब एक स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे, उसी समय भाजपा और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस बीच कांग्रेसी एमएलसी ने एसएसपी से गाली-गलौज से की।
