अपने विवादित बयानों से अक्सर चर्चा में रहने वाले उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने एक बार फिर अजीबो-गरीब बयान दिया है। उन्होंने कहा हर हिंदू को पांच बच्चे पैदा करना चाहिए तभी इस देश की गद्दी पर मोदी जी और उनके जैसे लोग प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा देश प्रजातांत्रिक देश है। यहां हर एक वोट की कीमत है। सिर्फ मीठी बोली से कुछ नहीं होगा। जिस तरह से मुसलमानों की जनसंख्या बढ़ती जा रही है, वैसे में यह जरूरी हो गया है कि हर हिंदू पांच बच्चे पैदा करे। आज कश्मीर सहित कई अन्य जगहों से हिंदुओं को भगाया गया है, इसके पीछे की वजह वहां उनकी जनसंख्या है।
टाइम्स नाऊ चैनल पर एक कार्यक्रम द्वारा एंकर ने पूछा कि हर हिंदू को पांच बच्चे पैदा करना चाहिए, कहने का क्या मतलब है? इस पर उन्होंने कहा कि भारत एक प्रजातांत्रिक देश है। प्रजातंत्र में हर एक वोट की कीमत होती है। जनता अपने वोट से ही यह तय करती है कि उनके देश का प्रधानमंत्री कौन होगा। जब हमारी जनसंख्या बढ़ेगी तो वोट बढ़ेगा। वोट बढ़ेगा तब तो मोदी जी जैसे चरित्रवान और नैतिक व्यक्ति भारत के प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठेंगे। आज हिंदुस्तान की धरती पर हिंदुत्व और हिंदू संस्कृति के लोगों की संख्या अधिक है, इसलिए मोदी जी प्रधानमंत्री की कुर्सी पर हैं। यदि इसी तरह स्थिति आगे भी बनी रही तो कल भी कोई मोदी जी की तरह प्रधानमंत्री बना रहेगा। हम रहें या न रहें, भारत का इतिहास गवाही देगा कि कल और परसो भी हिंदुत्व का भारत रहेगा। हिंदुस्तानी भारत रहेगा। हिंदू संस्कारों का भारत रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आज कश्मीर की हालत देख लिजीए। वहां हिंदू जनसंख्या में कमी होने की वजह से न कोई सुरक्षित नहीं है। न तो वहां की जनता सुरक्षित है और न हीं वहां पत्रकार सुरक्षित हैं।
जब एंकर ने पूछा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोद तो सबका साथ सबका विकास की बात करते हैं। आपको वोट भी हिंदू और मुसलमान दोनों ने दिया है। ऐसे में आप सिर्फ हिंदू की बात कर रहे हैं। इसके जवाब में सुरेंद्र सिंह ने कहा कि संस्कारवान व्यक्ति का समाज में कोई विरोधी नहीं होता। हम तो इंसान की सेवा करने की बात करते हैं। लेकिन जहां प्रजातंत्र की कुर्सी पर कब्जा करने के लिए अंगूठे की आवश्यकता है तो इस अंगूठे को बढ़ाना भी मेरा कर्तव्य है। यह हमारा धर्म है। तभी हम अपने आदर्शों को भी बनाए रख सकते हैं। हमारे दृष्टि में सभी हमारे भाई बहन हैं। लेकिन उनकी दृष्टि को ध्यान में रखकर के हम अपनी सजगता नहीं बढ़ाएंगे तो कल का भारत ताकतवर भारत नहीं रहेगा, दलदल भारत हो जाएगा।