बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन महाराष्ट्र के बाद अब उत्तर प्रदेश के किसानों का कर्ज चुकाएंगे और इसके लिए वह उनसे निजी तौर पर मुलाकात करेंगे और उन्हें बैंक के पत्र सौंपेंगे। अमिताभ के प्रवक्ता ने कहा कि वह 70 किसानों के लिए मुंबई आने और बैंक के पत्र ग्रहण करने का इंतजाम करेंगे। वह उत्तर प्रदेश के 1,398 किसानों का 4.05 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज चुकाएंगे। अमिताभ ने किसानों के ऋण को चुकाने के लिए बैंक ऑफ इंडिया के साथ ‘ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट)’ किया है। वह 26 नवंबर को किसानों से मुलाकात कर खुद उन्हें बैंक के पत्र सौंपेंगे। इसके लिए उन्होंने 70 किसानों को मुंबई आमंत्रित किया है और उनके लिए ट्रेन का एक पूरा डिब्बा बुक किया है।

इस बारे में अमिताभ के प्रवक्ता से पूछे जाने पर उन्होंने पुष्टि कर बताया, अमिताभ ने उत्तर प्रदेश के 1,398 किसानों का ऋण चुकाया है। उन्होंने पहले महाराष्ट्र के किसानों का ऋण भी चुकाया था। करीब 70 किसानों का चुनाव कर उन्हें निजी तौर पर मुंबई बुलाया गया है जहां उन्हें सीधे अमिताभ की ओर से ऋण के भुगतान संबंधी बैंक के पत्र सौंपे जाएंगे।

यह पहली बार नहीं है जब अमिताभ किसानों का कर्ज चुका रहे हैं। अमिताभ के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में महाराष्ट्र के हिंगोली से आए किसान अनंत की दांस्ता सुनकर उन्होंने पूरे देश से किसानों की मदद करने की अपील की थी। खुद भी उन्होंने महाराष्ट्र के 350 किसानों का कर्ज चुकाया था। सेना के जवानों के परिजनों की भी मदद की थी। अपने वादे के अनुसार उन्होंने शहीद परिवारों और किसानों को अपने घर पर बुलाया था और उन्हें चेक व एनओसी के पेपर दिए थे। इसके लिए उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से शहीद परिवारों और किसानों की सूची मंगवायी थी। उन्होंने इसकी चर्चा अपने ब्लॉग में करते हुए इसे ‘संतोषजनक अनुभव’ बताया था। बिग बी ने कहा कि जो किसान कर्ज नहीं चुका पा रहे हैं, उनका देश के लोग उनकी मदद करें ताकि उन्हें खुदकुशी करने से रोका जा सके।